तेलंगाना सरकार ने फिलीपींस के साथ किया एक लाख टन चावल के निर्यात का करार
21-Jan-2025 12:14 PM
हैदराबाद । एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत तेलंगाना की सरकार ने फिलीपींस को एक लाख टन चावल का निर्यात करने हेतु उसके साथ एक करार किया है।
इसके अंतर्गत तेलंगाना से 1010 तथा 1064 किस्म के चावल का निर्यात किया जाएगा। हाल ही में फिलीपींस से गुणवत्ता नियंत्रण प्रकोष्ठ के अधिकारियों की एक टीम ने तेलंगाना में नाल गोंडा जिले के हालिया के निकट अवस्थित एक बड़ी चावल मिल का दौरा किया था और दौरे के दौरान चावल की मिलिंग का निरीक्षण-परीक्षण करके उसे सही ठहराया था।
अधिकारियों के दल ने माना कि इस मिल में निर्यात क्वालिटी के चावल का मानक सभी मानदंडों पर खरा उतर रहा है उन्होंने चावल का टेस्ट किया और इस बात की अभिपुष्टि कर दी कि यह चावल गुणवत्ता संबंधी सभी जरुरी आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम है।
इसके बाद स्थानीय अधिकारियों से शिपमेंट की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया गया और फिर करार पर हस्ताक्षर हो गए।
लेकिन एक समस्या यह है कि कस्टम मिलिंग राइस (सीएमआर) के दिशा निर्देशों के अंतर्गत घरेलू प्रभाग में वितरण-विपणन के लिए जो चावल निर्मित होता है उसमें 25 प्रतिशत हस्क का उपस्थित रहना आवश्यक होता है जबकि फिलीपींस को जिस चावल का निर्यात किया जाना है उसमें केवल 5 प्रतिशत हस्क की उपस्थिति स्वीकृत हुई है।
इसे देखते हुए मिलर्स ने सरकार से इसकी भरपाई करने का आग्रह किया है। मामला राज्य सरकार के विचारधीन है।
राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा है कि आरंभिक चरण में तेलंगाना से फिलीपींस को 40 हजार टन चावल का निर्यात करने का प्लान है जबकि 60 हजार टन शेष चावल का शिपमेंट उसके बाद किया जाएगा।
तेलंगाना चावल का एक अग्रणी उत्पादक एवं निर्यातक राज्य है और वह केन्द्रीय पूल में भी चावल का भारी योगदान देता है।
