तेलंगाना में मक्का का भाव एमएसपी से नीचे आने से किसान चिंतित

18-Apr-2026 12:42 PM

हैदराबाद। दक्षिण भारत में मक्का के एक महत्वपूर्ण उत्पादक राज्य- तेलंगाना में इस प्रमुख मोटे अनाज का भाव घटकर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से नीचे आने से किसान चिंतित तथा परेशान हैं और राज्य सरकार से इसकी खरीद शुरू करने की मांग कर रहे हैं। तेलंगाना सरकार ने केन्द्र से 15 लाख टन मक्का की खरीद करने के लिए 4000 करोड़ रुपए की राशि मंजूर करने का आग्रह किया है। 

किसान संगठनों के अनुसार केन्द्र सरकार ने 2025-26 सीजन के लिए मक्का का एमएसपी 2400 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है जबकि थोक मंडी भाव इससे 30-35 प्रतिशत नीचे चल रहा है। 

व्यापार विश्लेषकों के मुताबिक अमरीका एवं ब्राजील जैसे शीर्ष निर्यातक देशों में शानदार उत्पादन होने के कारण वैश्विक बाजार में मक्का की आपूर्ति एवं उपलब्धता काफी बढ़ गई है और कीमतों पर दबाव पड़ रहा है। इससे घरेलू बाजार में भी मक्का का दाम गिर गया है। तेलंगाना की अधिकांश मंडियों में भाव घटकर 1600-1800 रुपए प्रति क्विंटल रह गया है जिससे उत्पादकों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है।

तेलंगाना में मक्का के एक प्रमुख उत्पादक क्षेत्र- खम्माम में नाराज किसानों द्वारा धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया जा रहा है। इसकी मांग है कि सरकार तुरंत क्रय केन्द्र स्थापित करके एमएसपी पर मक्का की खरीद शुरू करे। राज्य में प्रचलित नियम के अनुसार किसानों से प्रति एकड़ 26 क्विंटल मक्का खरीदा जाएगा। किसान इस नियम को भी हटाने की मांग कर रहे हैं। राज्य सरकार ने केन्द्र से मक्का खरीद में सहायता देने का आग्रह किया है।