Home News

तेलंगाना में खरीफ फसलों का रकबा गत वर्ष से पीछे

03-Sep-2026 11:19 AM

तेलंगाना में खरीफ फसलों का रकबा गत वर्ष से पीछे

हैदराबाद। धान, कपास एवं मक्का के अग्रणी उत्पादक राज्यों में शामिल दक्षिण भारतीय राज्य- तेलंगाना में इस वर्ष खरीफ फसलों का उत्पादन क्षेत्र 2 सितम्बर तक 121.58 लाख एकड़ पर पहुंच सका जो पिछले साल की समान अवधि   के बिजाई क्षेत्र 126.44 लाख एकड़ से 4.36 लाख एकड़ कम है। वहां इस बार मानसूनी बारिश का कुछ अभाव रहा। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार पिछले साल की तुलना में चालू खरीफ सीजन के दौरान तेलंगाना में धान का उत्पादन क्षेत्र 61.73 लाख एकड़ से लुढ़ककर 52.81 लाख एकड़ तथा मक्का का बिजाई क्षेत्र 6.24 लाख एकड़ से घटकर 5.95 लाख एकड़ रह गया जबकि ज्वार का रकबा 35 हजार एकड़ पर स्थिर रहा। अनाजी फसलों का कुल क्षेत्रफल 68.32 लाख एकड़ से घटकर 59.13 लाख एकड़ रह गया। 

लेकिन दलहन फसलों के बिजाई क्षेत्र में 2.25 लाख एकड़ की बढ़ोत्तरी हुई और यह गत वर्ष के 5.62 लाख एकड़ से बढ़कर इस बार 7.87 लाख एकड़ पर पहुंच गया। इसके तहत अरहर (तुवर) का उत्पादन क्षेत्र 4.76 लाख एकड़ से बढ़कर 5.56 लाख एकड़, मूंग का बिजाई क्षेत्र 61 हजार एकड़ से उछलकर 1.59 लाख एकड़ तथा उड़द का रकबा 23 हजार एकड़ से बढ़कर 66 हजार एकड़ पर पहुंचा। तेलंगाना ऐसे गिने-चुने राज्यों में शामिल है जहां इन तीनों प्रमुख दलहन फसलों के क्षेत्रफल में इस बार इजाफा हुआ है। 

तिलहन फसलों का उत्पादन क्षेत्र भी गत वर्ष के 3.68 लाख एकड़ से सुधकरकर इस बार 3.92 लाख एकड़ पर पहुंचा जिसमें मुख्यतः सोयाबीन का योगदान रहा। सोयाबीन का बिजाई क्षेत्र 3.60 लाख एकड़ से बढ़कर 3.72 लाख एकड़ पर पहुंच गया। इसी तरह मूंगफली एवं अरंडी के रकबे में भी वृद्धि हुई। इसके साथ-साथ तेलंगाना में कपास का रकबा भी 45.42 लाख एकड़ से बढ़कर 48.22 लाख एकड़ हो गया।