तिल का घरेलू उत्पादन गत वर्ष के आसपास ही होने की संभावना

12-Mar-2026 08:32 PM

नई दिल्ली। भारत में तिल का उत्पादन मुख्यतः खरीफ एवं जायद सीजन में होता है जबकि रबी सीजन में इसकी पैदावार बहुत कम होती है। खरीफ कालीन फसल पहले ही आ चुकी है और जायद सीजन की बिजाई अभी जारी है। रबी कालीन फसल आने वाली है। 

केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के अनुसार 2024-25 के दौरान देश में कुल मिलाकर 8.93 लाख टन तिल का उत्पादन हुआ था जिसमें 4.44 लाख टन खरीफ कालीन, 19 हजार टन रबी कालीन तथा 4.31 लाख टन  ग्रीष्मकालीन उत्पादन शामिल था।

इसके सापेक्ष 2025-26 के दौरान खरीफ सीजन में 3.49 लाख टन तथा रबी सीजन में 17 हजार टन के साथ कुल 3.66 लाख टन तिल का उत्पादन होने का अनुमान है। जब जायद सीजन का आंकड़ा जुड़ेगा तभी सम्पूर्ण सीजन का अनुमान सामने आ सकेगा। जायद की फसल मई-जून में आती है। 

मंत्रालय के मुताबिक इससे पूर्व तिल का घरेलू उत्पादन 2023-24 के सीजन में 8.47 लाख टन, 2022-23 में 8.02 लाख टन तथा 2021-22 के सीजन में 7.89 लाख टन दर्ज किया गया था।

देश में तिल का वार्षिक उत्पादन 8-9 लाख टन के बीच स्थिर बना हुआ है। जायद कालीन तिल का रकबा गत वर्ष के बराबर ही चल रहा है।