श्रीलंका बीएसएएफ द्वारा साउथ एशिया एग्री फोरम 2025 का सफल आयोजन
20-Jan-2025 07:16 PM
नई दिल्ली । भारत सब कांटीनेंट एग्री फाउंडेशन (बीएसएएफ) द्वारा 15-16 जनवरी को श्रीलंका की राजधानी- कोलम्बो में साउथ एशिया एग्री फोरम 2025 का दो दिवसीय सफल आयोजन किया गया जिसमें 40 देशों के लगभग 300 प्रतिनिधि शामिल हुए।
इस फोरम ने अपने सभी उद्देश्यों को हासिल करने में सफलता प्राप्त की इस महत्वपूर्ण एवं उपयोगी आयोजन में भाग लेने वाले प्रमुख व्यक्तियों में डीएमसीसी (संयुक्त अरब अमीरात) के कार्यकारी निदेशक, रसग्रेन यूनियन (रूस) के अध्यक्ष एडुअर्ड जर्निन नैफेड (भारत) के ए एम डी सुनील कुमार सिंह,
ऑस्ट्रेलिया के वरिष्ठ व्यापार एवं निवेशक आयुक्त जॉन साउथवेल, भारत और श्रीलंका के महावाणिज्य दूत, ऑस्ट्रेलिया तथा कनाडा के उच्चायुक्त तथा श्रीलंका के वेस्टर्न प्रोविंस के गवर्नर हनीव युसुफ (मुख्य अतिथि) सम्मिलित थे। अनेक अन्य विशेषज्ञ-विश्लेषक भी वहां उपस्थित थे।
बीएसएफ के एमडी विवेक अग्रवाल के अनुसार इस आयोजन में चना, तुवर, मसूर, मटर, मूंग, खाद्य तेल-तिलहन, चावल, गेहूं, मक्का, चीनी तथा मसाले आदि महत्वपूर्ण जिंसों के उत्पादन, उपयोग, आयात- निर्यात तथा कारोबारी उपलब्धियों एवं कठिनाइयों जैसे मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दो दिवसीय कार्यक्रम में भारत, ऑस्ट्रेलिया, बांग्ला देश, तंजानिया, श्रीलंका, मलेशिया, कनाडा, हॉलैंड, संयुक्त अरब अमीरात तथा नेपाल जैसे देशों की अनेक कंपनियां शामिल हुई जिसमें आई ग्रेन इंडिया भी सम्मिलित हैं। इस अवसर पर आपसी सहमति के पांच समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
एनसीडीईएक्स तथा कोलम्बो स्टॉक एक्सचेंज के बीच भी एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। यह आयोजन सभी दृष्टिकोण से पूरी तरह सफल एवं उपयोगी रहा।
