Home News

सोयाबीन का उत्पादन उम्मीद से काफी कम होने की संभावना

25-Nov-2026 04:18 PM

सोयाबीन का उत्पादन उम्मीद से काफी कम होने की संभावना

नई दिल्ली। यद्यपि पिछले साल की तुलना में इस वर्ष राजस्थान, गुजरात तथा मध्य प्रदेश में सोयाबीन का उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद है लेकिन महाराष्ट्र, कर्नाटक एवं तेलंगाना जैसे राज्यों में उत्पादन काफी घटने की संभावना है। अकेले महाराष्ट्र में उत्पादन में इतनी जबरदस्त गिरावट आने की आशंका है कि उसकी भरपाई अन्य राज्यों का बेहतर उत्पादन नहीं कर पाएगा। 

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार देश के दूसरे सबसे प्रमुख सोयाबीन उत्पादक राज्य- महाराष्ट्र में इस महत्वपूर्ण तिलहन का उत्पादन 2025-26 सीजन के 48.42 लाख टन की तुलना में आधा से भी ज्यादा घटकर 2026-27 के सीजन में 21.20 लाख टन पर सिमट जाने का अनुमान लगाया गया है।

यद्यपि वहां सोयाबीन का बिजाई क्षेत्र 49.98 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 50.63 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गए लेकिन भयंकर सूखा पड़ने से फसल की औसत उपज दर 968.88 किलो प्रति हेक्टेयर से घटकर 418.84 किलो प्रति हेक्टेयर रह जाने की आशंका है।

दूसरी ओर सोयाबीन का उत्पादन राजस्थान में 5.95 लाख टन से उछलकर 12.28 लाख टन तथा गुजरात में 4.78 लाख टन से सुधरकर 5.19 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद है।