Home News
25-Nov-2026 02:16 PM
ऊंझा। मसाला उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र के एक अग्रणी संगठन- फेडरेशन ऑफ इंडियन स्पाइस स्टैक होल्डर्स (एफआईएसएस) का 11 वां वार्षिक मसाला व्यापार सम्मेलन, फसल सर्वेक्षण एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम 5 एवं 6 मार्च को उदयपुर मैरियट होटल में आयोजित किया जाएगा।
इस दो दिवसीय कार्यक्रम में रबी कालीन मसालों- जीरा, धनिया, सौंफ एवं मेथी के उत्पादन का अनुमान लगाया जा सकता है। इसके साथ मसाला के निर्यात एवं घरेलू कारोबार में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सदस्यों को अवार्ड दिए जाएंगे। अवार्ड के लिए अनेक श्रेणियां बनाई गई हैं।
जीरा, धनिया, मेथी, सौंफ, हल्दी एवं कलौंजी में से प्रत्येक के सर्वश्रेष्ठ निर्यातक के लिए पुरस्कार होंगे। इसमें मात्रा एवं आमदनी- दोनों का अलग-अलग आंकलन किया जाएगा। घरेलू प्रभाग में सबसे अच्छा कारोबार करने वालों को अवार्ड दिए जाएंगे।
सदस्यों को अवार्ड के लिए अपने सम्पूर्ण विवरण के साथ 15 जनवरी 2027 तक अपना आवेदन फेडरेशन के पास जमा करवाना होगा। निर्यात अथवा घरेलू विपणन सीधे मान्यता प्राप्त या पंजीकृत सदस्य द्वारा किया जाना जरुरी है थर्ड पार्टी का आवेदन स्वीकार नहीं होगा।
अवार्ड तीन श्रेणी में यानी एक विजेता एवं दो उप विजेता के रूप में होगा। उपरोक्त छह मसालों के कुल निर्यात में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले को भी अवार्ड दिया जाएगा।