Home News
25-Nov-2026 03:43 PM
जयपुर। राजस्थान के कृषि विभाग द्वारा जारी प्रथम दक्षिण अनुमान में 2025-26 सीजन के मुकाबले 2026-27 के सीजन में अधिकांश खरीफ फसलों का उत्पादन बेहतर होने की संभावना व्यक्त की गई है। इसमें चावल, ज्वार, बाजरा, एकल अनाज, मूंग, मोंठ, उड़द, चौला, तिल एवं सोयाबीन शामिल है। दूसरी ओर मक्का, मूंगफली, अरंडी, कपास एवं ग्वार के उत्पादन में गिरावट आने का अनुमान लगाया गया है।
राज्य कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार 2025-26 के खरीफ सीजन के अंतिम समीक्षित उत्पादन की तुलना में 2026-27 के खरीफ सीजन में चावल का उत्पादन 9.34 लाख टन से बढ़कर 10.21 लाख टन, ज्वार का उत्पादन 3.06 लाख टन से बढ़कर 4.93 लाख टन एवं बाजरा का उत्पादन 46.13 लाख टन से सुधरकर 49.39 लाख टन पर पहुंच सकता है जबकि मक्का का उत्पादन 21.73 लाख टन से गिरकर 20.98 लाख टन पर सिमटने की संभावना है। चावल एवं मोटे-अनाजों का संयुक्त उत्पादन गत वर्ष के 81.26 लाख टन से बढ़कर इस बार 85.51 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान है।
इसी तरह दलहन फसलों का सकल उत्पादन पिछले साल के 19.64 लाख टन से बढ़कर इस वर्ष 22.46 लाख टन पर पहुंच जाने की उम्मीद है। इसके तहत मूंग का उत्पादन 13.90 लाख टन से सुधरकर 14.40 लाख टन. मोठ का उत्पादन 4.46 लाख टन से बढ़कर 4.81 लाख टन, उड़द का उत्पादन 92 हजार टन से उछलकर 2.68 लाख टन तथा चौला का उत्पादन 35 हजार टन से बढ़कर 53 हजार टन पहुंचने के आसार हैं।
तिलहन-फसलों की कुल पैदावार भी गत वर्ष के 41.97 लाख टन से बढ़कर इस बार 45.11 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। इसके तहत खासकर सोयाबीन का उत्पादन 5.95 लाख टन से उछलकर 12.28 लाख टन और तिल का उत्पादन 45 हजार टन से बढ़कर 95 हजार टन पर पहुंचने की उम्मीद व्यक्त की गई है जबकि मूंगफली की पैदावार 31.19 लाख टन से घटकर 28.22 लाख टन तथा अरंडी की पैदावार 4.38 लाख टन से गिरकर 3.67 लाख टन रह जाने का अनुमान लगाया गया है।