Home News
25-Nov-2026 01:09 PM
नई दिल्ली। प्रतिस्पर्धी मूल्य एवं अफ्रीकी देशों की मजबूत मांग के सहारे चालू वित्त वर्ष के शुरुआती सात महीनों में यानी अप्रैल-अक्टूबर 2026 के दौरान भारत से गैर बासमती चावल का सकल निर्यात बढ़कर 88.40 लाख टन पर पहुंच गया जो पिछले साल की समान अवधि के शिपमेंट 82.80 लाख टन से 6.7 प्रतिशत अधिक है। इसके तहत खासकर कच्चे (सफेद) चावल और टुकड़ी (ब्रोकन) चावल का निर्यात तेजी से बढ़ गया।
नवीनतम आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार समीक्षाधीन अवधि के दौरान सफेद चावल का निर्यात 23.80 लाख टन से 18.3 प्रतिशत बढ़कर 28.20 लाख टन तथा टुकड़ी चावल का शिपमेंट 5.60 लाख टन से 73.5 प्रतिशत उछलकर 9.80 लाख टन पर पहुंच गया। दूसरी ओर इसी अवधि में गैर बासमती सेला चावल का निर्यात 51 लाख टन से 4.6 प्रतिशत गिरकर 49 लाख टन पर अटक गया। उल्लेखनीय है कि इस गिरावट के बावजूद चावल के निर्यात शिपमेंट पर सेला संवर्ग का वर्चस्व बरकरार है।
इस सेला चावल के निर्यात में जीआई टैग वाले प्रीमियम वर्ग का 42,558 टन चावल भी शामिल है। एशिया तथा अफ्रीका महाद्वीप के विभिन्न देशों में भारतीय चावल की भारी मांग रहती है क्योंकि यह अपेक्षाकृत सस्ते दाम पर उपलब्ध रहता है और इसकी क्वालिटी भी अच्छी होती है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार भारत से गैर बासमती चावल का कुल निर्यात 2025-26 के सम्पूर्ण वित्त वर्ष (अप्रैल-मार्च) में बढ़कर 150.40 लाख टन पर पहुंच गया जो वित्त वर्ष 2024-25 के सकल शिपमेंट 141.30 लाख टन से 9.10 प्रतिशत या 6.4 प्रतिशत अधिक था। लेकिन फ्री ऑन बोर्ड औसत इकाई निर्यात ऑफर मूल्य 462 डॉलर प्रति टन से घटकर 390 डॉलर प्रति टन रह जाने के कारण चावल के निर्यात से होने वाली आमदनी 6.53 अरब डॉलर से गिरकर 5.87 अरब डॉलर पर अटक गई।