Home News

साप्ताहिक समीक्षा- धनिया

28-Nov-2026 08:37 PM

साप्ताहिक समीक्षा- धनिया
धनिया में मिश्रित व्यापार : बिजाई अधिक होने के अनुमान 

नई दिल्ली। चालू सप्ताह के दौरान धनिया में मिला-जुला व्यापार रहा। उल्लेखनीय है कि चालू सप्ताह के शुरू में गुजरात में धनिया की बिजाई गत वर्ष की तुलना में अधिक होने के आंकड़े आने के कारण धनिया बाजार में मंदे का रुख रहा हालांकि सप्ताह के अंत में वायदा में भाव बढ़ने पर फिर कीमतों में तेजी दर्ज की गई। चालू सीजन के दौरान धनिया की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी आने के कारण इस वर्ष उत्पादक केन्द्रों पर धनिया की बिजाई अधिक क्षेत्रफल पर किये जाने के समाचार है। हालांकि पूर्व में गुजरात में धनिया की बिजाई कम रहने के समाचार मिल रहे थे। लेकिन मध्य प्रदेश में बिजाई 40/50 प्रतिशत एवं राजस्थान 25/30 प्रतिशत अधिक क्षेत्रफल पर किए जाने के व्यापारिक अनुमान लगाए जा रहे हैं। वर्तमान में उत्पादक केन्द्रों पर बिजाई का कार्य जोरों पर चल रहा है। चालू सीजन के दौरान किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलने के कारण बिजाई क्षेत्रफल बढ़ने के समाचार है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2026 में देश में धनिया की बिजाई 2.97 लाख हेक्टेयर पर की गई थी जबकि वर्ष 2025 में बिजाई का क्षेत्रफल 3.36 लाख हेक्टेयर का रहा था। 
भाव
चालू सप्ताह के शुरू में धनिया की कीमतों में 4/5 रुपए प्रति किलो का मंदा आने के पश्चात सप्ताह के अंत में भाव 2/3 रुपए प्रति किलो तेजी के साथ बोले गए। सूत्रों का कहना है कि उत्पादक केन्द्रों पर स्टॉक कम रह जाने एवं नए मालों की आवक भी लगभग 2/3 माह के बाद शुरू होने के कारण हाल-फिलहाल कीमतों में अधिक मंदे की संभावना नहीं है। वर्तमान में ईगल का भाव 145/150 रुपए बोला जा रहा है।
आवक 
कुल उत्पादन का अधिकांश माल मंडियों में आ जाने के कारण मंडियों में किसानी माल की आवक कम रह गई है। गुजरात की प्रमुख मंडी गोंडल में आवक 1200/1500 बोरी की रह गई है जबकि राजकोट में आवक 200/300 बोरी की चल रही है। राजस्थान की रामगंज मंडी में आवक 3000/3500 बोरी एवं कोटा 300/400 बोरी की आवक चल रही है मध्य प्रदेश की गुणा मंडी में आवक 1800/2000 बोरी एवं नीमच 800/1000 बोरी की हो रही है। कुम्भराज में आवक 400/500 बोरी की रही। 
उत्पादन 
विगत तीन वर्षों से देश में धनिया का उत्पादन घटने के पश्चात संभावना व्यक्त की जा रही है कि वर्ष 2027 में देश में धनिया का उत्पादन बढ़ेगा क्योंकि उत्पादक केन्द्रों पर बिजाई का क्षेत्रफल अधिक रहने के समाचार है। सूत्रों का कहना है कि बिजाई के पश्चात मौसम भी अनुकूल रहना चाहिए। एक अनुमान के अनुसार वर्ष 2023 में देश में धनिया का उत्पादन 1.60 करोड़ बोरी का माना गया था जोकि वर्ष 2024 में घटकर 1.20 करोड़ बोरी एवं वर्ष 2025 में 1.10 करोड़ बोरी का रह गया। वर्ष 2026 में उत्पादन 95/97 लाख बोरी का माना गया। 
स्टॉक 
उत्पादन में गिरावट आने के कारण उत्पादक केन्द्रों पर धनिया का स्टॉक भी कम रह गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्तमान में उत्पादक केन्द्रों पर धनिया का स्टॉक 20/22 लाख बोरी का माना जा रहा है। जोकि नई फसल आने तक लगभग समाप्त हो जाएगा। चालू सीजन के दौरान नई फसल आने के समय उत्पादक केन्द्रों पर धनिया का स्टॉक 22/25 लाख बोरी का रहा था। सूत्रों का कहना है कि वर्तमान में गुजरात की मंडियों में धनिया का स्टॉक 7/8 लाख बोरी होने के अनुमान लगाए जा रहे हैं जबकि मध्य प्रदेश में 8/10 लाख बोरी एवं राजस्थान 4/5 लाख बोरी होने के समाचार है। 
निर्यात 
चालू सीजन के दौरान भाव रिकॉर्ड स्तर पर बोले जाने के कारण धनिया का निर्यात घटा है लेकिन निर्यात भाव अधिक मिलने के कारण आय में वृद्धि दर्ज की गई। मसाला बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अप्रैल-जुलाई के दौरान धनिया का निर्यात मात्रात्मक रूप में 20 प्रतिशत घटा है जबकि आय में 19 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। अप्रैल-जुलाई 2026 में धनिया का निर्यात 18678 टन का हुआ और निर्यात   से प्राप्त आय 283.18 करोड़ की रही। जबकि अप्रैल-जुलाई- 2025 में धनिया का निर्यात 23447 टन का रहा था और निर्यात से प्राप्त आय 238.29 करोड़ की रही। वर्ष 2025-26 (अप्रैल-मार्च) के दौरान धनिया का कुल निर्यात 60211 टन का रहा और निर्यात से प्राप्त आय 679.70 करोड़ की रही।