भारी आयातित स्टॉक और बढ़ती बिजाई से मसूर में गिरावट जारी, बड़ी तेजी की उम्मीद कमजोर
बाजार में बिकवाली का दबाव बढ़ने तथा ग्राहकी कमजोर बनी रहने से चालू सप्ताह के दौरान घरेलू बाजार में मसूर की कीमतों में गिरावट का रुख जारी रहा। दाल मिलों की सीमित खरीदारी और बंदरगाहों पर आयातित मसूर की पर्याप्त उपलब्धता के कारण आयातित मसूर के साथ-साथ देसी मसूर के भावों पर भी दबाव बना हुआ है। लगातार नई शिपमेंट पहुंचने से घरेलू बाजार में आपूर्ति की स्थिति मजबूत बनी हुई है। चालू रबी सीजन में मसूर की बिजाई भी पिछले वर्ष की तुलना में तेज गति से आगे चल रही है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, देश में अब तक मसूर की बिजाई 14.39 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 3 लाख हेक्टेयर अधिक है। बिजाई क्षेत्र में हुई इस बढ़ोतरी से आगामी फसल का उत्पादन बढ़ने की संभावना को बल मिल रहा है। हालांकि, अंतिम उत्पादन मौसम की स्थिति और फसल की उत्पादकता पर निर्भर करेगा। दूसरी ओर, बंदरगाहों पर आयातित मसूर का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है तथा लगातार नई शिपमेंट आने से आपूर्ति का दबाव कम नहीं हो रहा है। आयातित मसूर की कीमतें अपेक्षाकृत सस्ती होने के कारण दाल मिलों की खरीदारी का रुझान भी देसी माल की तुलना में आयातित मसूर की ओर बना हुआ है। इससे घरेलू देसी मसूर की कीमतों पर भी दबाव बढ़ रहा है। वैश्विक बाजार की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया एवं कनाडा में मसूर का उत्पादन अनुमान अधिक रहने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी आपूर्ति मजबूत रहने की संभावना है। इसका असर घरेलू बाजार की धारणा पर पड़ रहा है। आयातकों की बिकवाली बढ़ने और लिवाली कमजोर पड़ने से आयातित मसूर के भाव में करीब 150/300 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। मुंद्रा जहाज मसूर के भाव 5500/5525 रुपये, हजीरा में 5550 रुपये, जबकि मुंबई में कंटेनर के जरिए उपलब्ध कनाडा मसूर के भाव 5900 रुपये और ऑस्ट्रेलियाई मसूर के भाव 6000 रुपये प्रति क्विंटल रह गए।
दिल्ली बाजार
दाल मिलर्स की सीमित लिवाली के कारण दिल्ली बाजार में इस सप्ताह छोटी मसूर के भाव में 50 रुपये तथा देसी बड़ी मसूर में 25 रुपये प्रति क्विंटल की नरमी दर्ज की गई। और सप्ताहांत में छोटी मसूर के भाव कोटा लाइन 6700/6725 रुपये, बूंदी लाइन 7400 रुपये, उत्तर प्रदेश लाइन 7750/7800 रुपये तथा देसी बड़ी मसूर 6250/6275 रुपये प्रति क्विंटल रह गई।
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश की प्रमुख उत्पादक मंडियों में लिवाली सुस्त रहने से मसूर के भाव में लगभग 100/200 रुपये प्रति क्विंटल तक की गिरावट दर्ज की गई। सप्ताहांत में अशोकनगर में भाव 5800/6200 रुपये, बीना में 5700/6000 रुपये, गंजबासौदा में 5700/6000 रुपये, सागर में 5500/5800 रुपये, दमोह में 5500/6100 रुपये, इंदौर में 6000/6100 रुपये, करेली में 4851/5755 रुपये तथा कटनी में 6100/6150 रुपये प्रति क्विंटल रह गए।
उत्तर प्रदेश
मांग कमजोर बनी रहने से चालू साप्ताह के दौरान उत्तर प्रदेश मसूर की कीमतों में 100/200 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। इस गिरवाट के साथ भाव सप्ताहंत बरेली में छोटी मसूर के भाव 8600 रुपये और मोटी मसूर के 6000 रुपये, ललितपुर में मोटी मसूर 5400/5450 रुपये तथा छोटी मसूर 6800/7100 रुपये, जबकि उरई में मसूर के भाव 5,000/5400 रुपये प्रति क्विंटल हो गए।
बिहार और अन्य मंडियां
बिहार में मांग सुस्त रहने से मसूर के भाव में इस सप्ताह 100 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। सप्ताहांत में बाढ़ में भाव 6600 रुपये, खुशरूपुर में 6500 रुपये तथा मोकामा में 6600 रुपये प्रति क्विंटल रह गए। वहीं, रायपुर में मसूर के भाव में 50 रुपये की नरमी आई और कीमतें 6,550 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गईं।
मसूर दाल बाजार
मसूर की गिरावट के असर व ग्राहकी कमजोर रहने से चालू सप्ताह के दौरान मसूर दाल कीमतों में 50/100 रुपए प्रति क्विंटल की नरमी दर्ज की गयी और सप्ताहंत में भाव इंदौर में मसूर दाल के भाव 7300/7400 रुपये, बाढ़ 7500/7700 रुपये, खुशरूपुर 7400/7600 रुपये, मोकामा 7500/7700 रुपये, चंदौसी में 7700 रुपये तथा हैदराबाद में 7,550 रुपये प्रति क्विंटल रहे।