साप्ताहिक समीक्षा- धान-चावल
30-Mar-2026 01:22 PM
धान की आवक सीमित- चावल में कारोबार सुस्त
नई दिल्ली। आपूर्ति के ऑफ सीजन होने से प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में बासमती तथा 'ए' ग्रेड सामान्य धान की सीमित आवक हो रही है और पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण चावल का निर्यात भी प्रभावित हो रहा है। 26-27 मार्च वाले सप्ताह के दौरान आम तौर पर धान-चावल का कारोबार सुस्त रहा और इसलिए कीमतों में लम्बी चौड़ी तेजी नहीं देखी गई। इक्का-दुक्का बाजार इसका अपवाद रहा।
दिल्ली
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान दिल्ली की नरेला मंडी में 1-2 हजार बोरी धान की दैनिक आवक हुई और केवल 1509 हैण्ड का भाव 150 रुपए बढ़कर 3950 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा। नजफगढ़ मंडी में आवक बंद हो गई है। छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा एवं राजिम मंडियों में सीमित आवक एवं सामान्य कारोबार के साथ धान का भाव स्थिर बना रहा।
उत्तर प्रदेश
पंजाब, हरियाणा एवं उत्तर प्रदेश की अधिकांश मंडियों में भी धान की आवक नहीं या नगण्य हुई। इसमें अमृतसर, तरन तारन, फाजिल्का, दनकौर, मैनपुरी, एटा, जहांगीराबाद एवं खैर आदि मंडियां शामिल हैं।
शाहजहांपुर / अलीगढ
केवल शाहजहांपुर और अलीगढ में धान की थोड़ी-बहुत आपूर्ति हुई और कीमत में मामूली सुधार दर्ज किया गया। लेकिन राजस्थान के कोटा एवं बूंदी में अब भी अच्छी मात्रा में धान की आवक हो रही है। सुस्त कारोबार के कारण वहां भाव लगभग स्थिर रहा।
चावल
जहां तक चावल का सवाल है तो इसमें व्यापारियों एवं निर्यातकों की मांग कमजोर पड़ गई है। खाड़ी क्षेत्र एवं मध्य-पूर्व के देशों में बासमती चावल का निर्यात करना मुश्किल हो रहा है। लेकिन अमृतसर में चावल का बेहतर कारोबार हुआ और दाम भी 200-300 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ गया।
उत्तराखंड
उत्तराखंड की नगर मंडी तथा राजस्थान की बूंदी मंडी में भी चावल के मूल्य में अच्छी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। दिल्ली के नया बाजार में चावल में अच्छा कारोबार हुआ।
