साप्ताहिक समीक्षा- धान-चावल

29-Nov-2025 07:37 PM

मिलर्स एवं निर्यातकों की मजबूत मांग से धान-चावल के दाम में इजाफा  

नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में खरीफ कालीन धान की भरपूर आवक हो रही है लेकिन फिर भी मिलर्स-प्रोसेसर्स एवं निर्यातकों की जोरदार लिवाली से 22-28 नवम्बर वाले- सप्ताह के दौरान इसके दाम में 100 से 300 रुपए प्रति क्विंटल तक की तेजी दर्ज की गई। सामान्य श्रेणी के धान का अधिकांश स्टॉक सरकारी क्रय केन्द्रों पर पहुंच रहा है जहां न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर उसकी भारी खरीद हो रही है जबकि बासमती एवं 'ए' ग्रेड का धान खुली मंडियों में आ रहा है और व्यापारी तथा राइस मिलर्स इसकी खरीद कर रहे हैं। 
दिल्ली 
समीक्षाधीन सप्ताह सप्ताह के दौरान दिल्ली की नरेला मंडी में 30-40 हजार बोरी धान की दैनिक आवक हुई और अच्छी लिवाली के कारण कीमतों में 100-150 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई। नजफगढ़ मंडी में भी रोजाना 10-12 हजार धान का स्टॉक पहुंचा मगर वहां भाग ज्यादा नहीं बढ़ सका। 
छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा मंडी में 3-4 हजार बोरी और राजिम मंडी में 5-7 हजार बोरी धान की आपूर्ति हुई। आमतौर पर वहां भी धान मजबूत बना रहा। 
पंजाब के अमृतसर में 25-35 हजार बोरी धान की रोजाना आवक होने के बावजूद कीमतों में तेजी का माहौल बना रहा। वहां 1121 हैण्ड धान का भाव 295 रुपए उछलकर 3850/4225 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा मगर कम्बाइन का दाम घट गया। तरन तारन मंडी में 15-25 हजार बोरी धान की रोजाना आपूर्ति हुई और कीमतों में 50-75 रुपए का सुधार आया। 
उत्तर प्रदेश 
उत्तर प्रदेश की विभिन्न मंडियों- एटा, मैनपुरी, जहांगीराबाद, शाहजहांपुर, अलीगढ एवं खैर आदि में खासकर बासमती धान की भारी आवक हो रही है और कीमतों में 100-150 रुपए की तेजी के कारण किसानों को अपना उत्पाद बेचने का अच्छा प्रोत्साहन मिला। हरियाणा, राजस्थान तथा मध्य प्रदेश की मंडियों में भी भारी मात्रा में धान पहुंचा।
चावल   
जहां तक चावल का सवाल है तो अब प्रमुख आयातक देशों में इसकी मांग तेज होने लगी है। खाड़ी क्षेत्र के देशों में बासमती चावल का आयात बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है जबकि भारतीय निर्यातक अपने बासमती चावल के साथ नए-नए बाजारों में भी पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। 
अमृतसर 
अमृतसर में बासमती चावल का बेहतर कारोबार होने से 1509 सेला एवं 1718 स्टीम चावल के दाम में 300-300 रुपए प्रति क्विंटल का इजाफा हो गया जबकि अन्य किस्मों का दाम भी मजबूत रहा। उत्तराखंड की नगर मंडी में भी चावल के मूल्य में 100 से 300 रुपए प्रति क्विंटल और दिल्ली के नया बाजार में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई।