साप्ताहिक समीक्षा-धान-चावल
28-Dec-2024 08:25 PM
प्रमुख मंडियों में आवक बढ़ने से धान के दाम में सीमित उतार-चढ़ाव
नई दिल्ली । प्रमुख उत्पादक प्रांतों की महत्वपूर्ण मंडियों में अच्छी मात्रा में खरीफ कालीन धान की आवक हो रही है और मिलर्स, व्यापारियों / स्टॉकिस्टों तथा निर्यातकों द्वारा इसकी खरीद भी की जा रही है। मांग तथा आपूर्ति के बीच ज्यादा अंतर नहीं होने से 21-27 दिसम्बर वाले सप्ताह के दौरान कीमतों में सीमित उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया।
दिल्ली
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान दिल्ली की नरेला मंडी में 18 से 30 हजार बोरी धान की दैनिक आवक हुई और 1718 धान का भाव 100 रुपए गिरकर 2800/3200 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। नजफगढ़ मंडी में 1500-3000 बोरी धान आ रहा है। छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा मंडी में केवल 700-800 बोरी की दैनिक आवक हुई और कीमतों में 100 रुपए का उतार-चढ़ाव रहा। राजिम मंडी में 1500 से 3500 बोरी के बीच धान आया मगर भाव स्थिर बना रहा।
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश की एटा मंडी में 10 हजार बोरी, मैनपुरी में 10-20 हजार बोरी तथा जहांगीराबाद मंडी में 10-15 हजार बोरी धान की दैनिक आवक हुई जबकि कीमतों में कोई खास परिवर्तन नहीं देखा गया। लेकिन अलीगढ़ में 1718 धान का दाम 120 रुपए गिरकर 3110 रूपए प्रति क्विंटल रह गया। वहां 20 से 30 हजार बोरी धान रोजाना आ रहा था। खैर मंडी में 8-10 हजार बोरी की दैनिक आपूर्ति के साथ धान का दाम लगभग स्थिर बना रहा।
चावल
जहां तक चावल का सवाल है तो इसके दाम में भी पिछले सप्ताह भारी उठा-पटक नहीं देखी गई। भाटापाड़ा में एचएमटी चावल 100 रुपए कमजोर पड़कर 5800 रुपए प्रति क्विंटल रह गया।
कर्नाटक / पंजाब
कर्नाटक के रायचूर में चावल का भाव शांत रहा लेकिन पंजाब की अमृतसर मंडी में 1509 स्टीम तथा 1718 सेला के दाम में 200-200 रुपए तथा 1121 सेला एवं 1401 स्टीम चावल के दाम में 50-50 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में भारतीय बासमती चावल की अच्छी मांग बनी हुई है और ईरान के साथ कुछ समस्या के बावजूद इसका निर्यात प्रदर्शन बेहतर चल रहा है लेकिन घरेलू बाजार भाव थोड़ा नरम पड़ गया है।
राजस्थान / हरियाणा
राजस्थान के बूंदी में सुगंधा चावल 150 रुपए नरम होकर 4575/4600 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। हरियाणा की करनाल मंडी में शरबती सेला चावल का भाव 100 रुपए की तेजी के साथ 4300 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। दिल्ली के नया बाजार में चावल का दाम स्थिर बना रहा।
