साप्ताहिक समीक्षा- धान-चावल
01-Aug-2026 08:57 PM
धान में मिश्रित रुख- चावल के दाम में सुधार
नई दिल्ली। लम्बे समय से देश की गिनी-चुनी थोक मंडियों में बासमती एवं 'ए' ग्रेड धान की सीमित मात्रा में आवक हो रही है जिसमें नरेला, भाटापाड़ा, राजिम, कोटा, बूंदी, शाहजहांपुर, जहांगीराबाद एवं गोंदिया आदि शामिल है। मिलर्स / प्रोसेसर्स, निर्यातकों एवं व्यापारियों / स्टॉकिस्टों की लिवाली के अनुरूप धान की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा जाता है।
दिल्ली
25-31 जुलाई वाले सप्ताह के दौरान धान के दाम में कुछ उतार-चढ़ाव देखा गया दिल्ली की नरेला मंडी में 1509 कम्बाइन धान का भाव 75 रुपए सुधरकर 3600 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा मगर छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा मंडी में 4000-6000 बोरी तथा राजिम में 8000-10,000 बोरी धान की रोजाना आवक हुई। राजिम में धान का भाव लगभग स्थिर रहा।
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश की शाहजहांपुर मंडी में 10-20 हजार बोरी के बीच दैनिक आवक के साथ धान का भाव कुछ सुधर गया। वहां पी आर 26 धान का दाम 100 रुपए की वृद्धि के साथ 1900/2100 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। खैर मंडी में 1121 हैण्ड धान 45 रुपए नरम रहा। वहां 3-5 हजार बोरी धान की आवक हुई।
राजस्थान
राजस्थान की बूंदी मंडी में पहले 1500 बोरी धान आ रहा था मगर बाद में घटकर 400-500 बोरी रह गया। लेकिन कोटा मंडी में दैनिक आवक बढ़कर 12,000 बोरी पर पहुंच गई। कीमतों में ज्यादा तेजी-मंदी नहीं रही। महाराष्ट्र की गोंडिया मंडी में रोजाना 3 हजार बोरी धान पहुंचा और भाव स्थिर बना रहा।
चावल
जहां तक चावल का सवाल है तो खाड़ी क्षेत्रों में जारी संकट से बासमती चावल का निर्यात आंशिक रूप से प्रभावित हो रहा है लेकिन फिर भी समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान इसके दाम में कुछ सुधार दर्ज किया गया। भाटापाड़ा में श्रीराम चावल का दाम 100 रुपए की वृद्धि के साथ 7000/7100 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा। स्वर्ण चावल भी 100 रुपए तेज रहा।
पंजाब / अमृतसर
अमृतसर में 1718 सेला चावल का भाव 250 रुपए उछलकर 8800/8850 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा जबकि कुछ अन्य किस्मों के दाम में भी 50 रुपए की वृद्धि हुई। उत्तराखंड की नगर मंडी एवं छत्तीसगढ़ की राजिम मंडी में स्थिरता रही। लेकिन बूंदी में दाम 50-100 रुपए प्रति क्विंटल तेज हो गया। दिल्ली के नया बाजार में 100 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी-मंदी देखी गई।
