साप्ताहिक समीक्षा-सोयाबीन
28-Dec-2024 07:25 PM
सरकारी खरीद के असर से सोयाबीन के दाम में तेजी
नई दिल्ली । सरकारी एजेंसियों की खरीद की गति तेज होने तथा लम्बे समय से मंडियों में नरमी का माहौल बरकरार रहने के कारण क्रशर्स- प्रोसेसर्स की मांग निकलने से 21-27 दिसम्बर वाले सप्ताह के दौरान तीनों शीर्ष उत्पादक राज्यों- मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र एवं राजस्थान में सोयाबीन के प्लांट डिलीवरी मूल्य में 75 से 160 रुपए प्रति क्विंटल तक की तेजी आई लेकिन फिर भी इसका भाव न्यूनतम समर्थन मूल्य से काफी नीचे चल रहा है। पिछले सप्ताह तक 6.50 लाख टन से अधिक सोयाबीन की सरकारी खरीद हो चुकी थी।
सोया तेल (रिफाइंड)
सोयाबीन की कीमतों में आई तेजी से सोया रिफाइंड तेल का दाम भी प्रति 10 किलो पर 30-40 रुपए तक बढ़ गया। उज्जैन के एक प्लांट में यह 45 रुपए बढ़कर 1250 रुपए प्रति 10 किलो हो गया महाराष्ट्र के लातूर में भी यह 45 रुपए की वृद्धि से 1245 रुपए पर पहुंचा। सोया रिफाइंड तेल का भाव कोटा में 40 रुपए बढ़कर 1270 रुपए, मुम्बई में 15 रुपए सुधरकर 1250 रुपए, कांडला में 50 रुपए उछलकर 1240 रुपए तथा हल्दिया में 30 रुपए बढ़कर 1220 रुपए प्रति 10 किलो पर आ गया।
आवक
राष्ट्रीय स्तर पर आलोच्य सप्ताह के दौरान सोयाबीन की दैनिक आवक 3.10 लाख बोरी से 3.45 लाख बोरी के बीच दर्ज की गई जबकि प्रत्येक बोरी 100 किलो की होती है। घटते भाव को देखते हुए किसानों ने अपने स्टॉक की बिक्री की गति धीमी कर दी थी। आगे यदि बाजार में तेजी का माहौल बना रहा तो सोयाबीन की आवक में सुधार हो सकता है।
सोया डीओसी
सोया डीओसी की कीमतों में भी 700 से 1000 रूपए प्रति टन की भारी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई क्योंकि एक तो इसका लागत खर्च बढ़ गया और दूसरे, इसकी मांग भी मजबूत हो गई। महाराष्ट्र में तो इसके दाम में 1500-2000 रुपए प्रति टन तक की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
