साप्ताहिक समीक्षा - सरसों
19-Jul-2025 08:53 PM

तेल मिलों की भारी मांग से सरसों में तेजी का सिलसिला जारी
नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में आपूर्ति सामान्य से कम होने तथा तेल मिलों की जबरदस्त मांग निकलने से सरसों के दाम में जबरदस्त बढ़ोत्तरी का सिलसिला 12-18 जुलाई वाले सप्ताह के दौरान भी जारी रहा। इसके फलस्वरूप सरसों तेल तथा खल एवं डीओसी की कीमतों में भी तेजी दर्ज की गई। सरकारी एजेंसियों ने अपने स्टॉक से सरसों की बिक्री बढ़ा दी है।
42% कंडीशन सरसों
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान 42 प्रतिशत कंडीशन वाली सरसों का भाव दिल्ली में 200 रुपए बढ़कर 7300 रुपए प्रति क्विंटल तथा जयपुर में 350 रुपए उछलकर 7550 रुपए प्रति क्विंटल के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया। सामान्य औसत क्वालिटी वाली सरसों की कीमत भी अन्य मंडियों में काफी तेज देखी गई।
भाव
राजस्थान की बूंदी मंडी में यह 600 रुपए उछलकर 6800/7200 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंची। गुजरात, हरियाणा, मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश की मंडियों में भी सरसों के दाम में 100 से 400 रुपए की भारी तेजी रही। मध्य प्रदेश के मुरैना एवं पोरसा में सरसों का भाव 475 रुपए उछलकर क्रमश: 7125 रुपए एवं 7000 रुपए प्रति क्विंटल की ऊंचाई पर पहुंच गया। ग्वालियर में भी 200 रुपए की तेजी के साथ सरसों 7000/7100 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंची।
हरियाणा
इधर हरियाणा के चरखी दादरी में भी सरसों की कीमत 400 रुपए उछलकर 7450 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गई। अन्य मंडियों में भी भारी तेजी रही। लेकिन आश्चर्यजनक रूप से राजस्थान के बीकानेर में सरसों का भाव 4500/5000 रुपए प्रति क्विंटल के पूर्व स्तर पर ही बरकरार रहा जबकि देश की अन्य सभी प्रमुख मंडियों में यह 5950 रुपए प्रति क्विंटल के सरकारी समर्थन मूल्य से काफी ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। उत्तर प्रदेश के आगरा में सरसों का दाम 450 रुपए की जोरदार तेजी के साथ 7900/8250 रुपए प्रति क्विंटल के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा।
सरसों तेल
सरसों की कीमतों में जोरदार तेजी से सरसों तेल एक्सपेलर एवं कच्ची घानी के दाम में 120 रुपए प्रति 10 किलो (12 रुपए किलो) तक का भारी इजाफा दर्ज किया गया। दिल्ली में एक्सपेलर का भाव 100 रुपए की तेजी के साथ 1635 रुपए प्रति 10 किलो हो गया। लगभग सभी केन्द्रों में सरसों तेल का मूल्य 160 रुपए प्रति किलो या उससे ऊपर चल रहा है। कोलकाता में कच्ची घानी तेल 170 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गया है।
सरसों खल (डीओसी)
सरसों खल के कारोबार एवं भाव में भी अच्छा सुधार आया। इसके दाम में 40 से 90 रुपए प्रति क्विंटल तक की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई मगर डीओसी के मूल्य में उतार-चढ़ाव देखा गया।