साप्ताहिक समीक्षा-सरसों
25-Jan-2025 07:23 PM
सीमित कारोबार के बीच सरसों के दाम में गिरावट
नई दिल्ली । सम्पूर्ण तिलहन-तेल बाजार में भारी नरमी के असर से सरसों की कीमतें में भी 18-24 जनवरी वाले सप्ताह के दौरान गिरावट दर्ज की गई। केवल राजस्थान की कुछ मंडियों को छोड़कर अन्य सभी प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में भाव कमजोर रहा।
42% कंडीशन सरसों
42 प्रतिशत कंडीशन वाली सरसों का भाव दिल्ली में 250 रुपये घटकर 6100 रुपए प्रति क्विंटल तथा जयपुर में 100 रुपए गिरकर 6225/6250 रुपए प्रति क्विंटल रह गया।
सरसों
सामान्य औसत क्वालिटी की सरसों का दाम भी उत्तर प्रदेश के आगरा में 675 रुपए नीचे लुढ़क गया जबकि गुजरात, हरियाणा एवं मध्य प्रदेश की मंडियों में इसमें 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट आई।
राजस्थान
हालांकि सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त- राजस्थान की अधिकांश मंडियों में कीमत नरम रही लेकिन कोटा में 400 रुपए, बूंदी में 200 रुपए और बीकानेर में 700 रुपए प्रति क्विंटल उछल गई।
बिजाई
सरसों की बिजाई समाप्त हो चुकी है और रबी सीजन की इस सबसे महत्वपूर्ण तिलहन फसल के क्षेत्रफल में इस बार काफी गिरावट आई है। अगले महीने से नई सरसों की छिटपुट आवक शुरू होने वाली है इसलिए कीमतों पर आगे भी दबाव बरकरार रहने की संभावना है।
आयात
विदेशों से भारी मात्रा में सस्ते खाद्य तेलों का आयात हो रहा है जिससे क्रशर्स-प्रोसेसर्स को स्थानीय किसानों से ऊंचे दाम पर सरसों खरीदने का अवसर या प्रोत्साहन नहीं मिल रहा है। खाद्य तेलों पर आयात शुल्क में 20 प्रतिशत का इजाफा होने के बावजूद घरेलू बाजार पर कोई सकारात्मक असर नहीं देखा जा रहा है।
सरसों तेल
सरसों के दाम में गिरावट आने से सरसों तेल का मूल्य भी घट गया। दिल्ली में एक्सपेलर का भाव 25 रुपए गिरकर 1295 रुपए प्रति 10 किलो तथा अलवर में 30 रुपए घटकर 1280 रुपए प्रति 10 किलो रह गया। कच्ची घानी तेल का दाम हापुड़ (यूपी) में 50 रुपए की गिरावट के साथ 1400/1430 रुपए पर आ गया। लेकिन जयपुर में यह 14 रुपए सुधरकर 1340/1345 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंच गया।
आवक
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान सरसों की दैनिक आवक घटकर 1.60-1.85 लाख बोरी के बीच रह गई लेकिन फिर भी इसके दाम में तेजी का माहौल नहीं बन पाया। सरसों की प्रत्येक बोरी 50 किलो की होती है।
सरसों खल (डीओसी)
सरसों खल एवं डीओसी की घरेलू एवं निर्यात मांग कमजोर बनी रही जिससे इसकी कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान सरसों खल के दाम में 60 से 120 रुपए प्रति क्विंटल तथा डीओसी के मूल्य में 500 से 1300 रुपए प्रति टन तक की भारी गिरावट दर्ज की गई।
