लगातार तेजी के बाद सरसों के दाम में आई नरमी
नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण थोक मंडियों में पिछले कुछ सप्ताहों से तेजी-मजबूती का माहौल बना हुआ था और सरसों का भाव नए-नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रहा था लेकिन 21-27 नवम्बर वाले सप्ताह के दौरान इसमें 100 से 400 रुपए प्रति क्विंटल तक की गिरावट आ गई।
42% कंडीशन सरसों
42 प्रतिशत कंडीशन वाली सरसों का दाम दिल्ली में 400 रुपए घटकर 10,000 रुपए प्रति क्विंटल एवं जयपुर में 100 रुपए गिरकर 10,400 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। वैसे तेजी के मुकाबले यह गिरावट काफी सीमित मानी जा रही है।
सरसों
सामान्य औसत क्वालिटी वाली सरसों के दाम में भी गुजरात, मध्य प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश की मंडियों में आमतौर पर 100 से 250 रुपए प्रति क्विंटल तक की गिरावट देखी गई। लेकिन हरियाणा के सिरसा, मध्य प्रदेश के ग्वालियर एवं राजस्थान के कोटा, बूंदी तथा खैरथल में सरसों का भाव 100 से 600 रुपए प्रति क्विंटल तक तेज रहा। भरतपुर में यह 180 रुपए की बढ़त के साथ 10,300 रुपए प्रति क्विंटल के शीर्ष पर पहुंच गया।
सरसों तेल / कच्ची घानी
सरसों तेल एक्सपेलर एवं कच्ची घानी के दाम में भी आमतौर पर भारी गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली में एक्सपेलर का भाव 30 रुपए गिरकर 2010 रुपए प्रति 10 किलो तहत जयपुर में 150 रुपए लुढ़ककर 1960 रुपए प्रति 10 किलो रह गया। वहां कच्ची घानी सरसों तेल का मूल्य भी 170 रुपए की जोरदार गिरावट के साथ 2000 रुपए प्रति 10 किलो पर आ गया। लेकिन कहीं-कहीं इसकी कीमतों में प्रति 10 किलो पर 20-30 रुपए की तेजी भी देखी गई।
आवक / डीओसी
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान सरसों की दैनिक आवक 1 से 2 लाख बोरी (50 किलो की प्रत्येक बोरी) के बीच हुई। सरसों खल / डीओसी में उतार-चढ़ाव देखा गया लेकिन अधिकांशतः नरमी ही रही।
बिजाई
रबी सीजन की सबसे प्रमुख तिलहन-सरसों की बिजाई अंतिम चरण की ओर बढ़ती जा रही है लेकिन रिकॉर्ड स्तर पर भाव होने के बावजूद बिजाई उत्साहवर्धक नहीं हो रही है।