साप्ताहिक समीक्षा-मटर
30-Mar-2026 12:47 PM
मटर बाजार में नरमी, कमजोर मांग से दबाव बरकरार
कानपुर। चालू सप्ताह के दौरान मटर बाजार में नरमी का रुख देखने को मिला। बढ़े हुए भावों पर बिकवाली का दबाव बढ़ने और खरीदारों की लिवाली कमजोर पड़ने से कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। ऊंचे स्तर पर मांग का पर्याप्त समर्थन नहीं मिलने के कारण पूरे सप्ताह बाजार दबाव में बना रहा। इस दौरान मिलर्स और स्टॉकिस्टों की लिवाली सीमित रही, जिससे बाजार को अपेक्षित समर्थन नहीं मिल पाया। खरीदार फिलहाल सतर्क रुख अपनाए हुए हैं और बड़े स्तर पर खरीदारी से बच रहे हैं, जिसके चलते बाजार में सुस्ती का माहौल बना हुआ है। हालांकि, बाजार का फंडामेंटल पक्ष अभी भी मजबूत नजर आ रहा है। अनुमान है कि इस वर्ष सफेद मटर का घरेलू उत्पादन पिछले वर्ष की तुलना में कमजोर रह सकता है। इसके साथ ही उत्पादक मंडियों में सफेद मटर की आवक भी काफी कम हो रही है, जिससे सप्लाई साइड पर दबाव बना हुआ है। दूसरी ओर, हरी मटर की आवक जोरदार बनी हुई है, लेकिन इसका सीधा असर सफेद मटर के बाजार पर सीमित ही पड़ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि दोनों की मांग और उपयोग अलग-अलग होने के कारण हरी मटर की अधिक आवक से सफेद मटर की कीमतों पर बड़ा दबाव नहीं बनता। अंतरराष्ट्रीय बाजार का प्रभाव भी आने वाले समय में देखने को मिल सकता है। आयात महंगा पड़ने के कारण सस्ती सप्लाई की संभावना कम हो गई है, जो घरेलू बाजार के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
आयातकों की बिकवाली बढ़ने व लिवाली कमजोर पड़ने से चालू सप्ताह के दौरान आयातित मटर की कीमतों में 50/100 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई और इस गिरावट के साथ सप्ताहांत में मुंबई बंदरगाह पर कनाडा मटर के भाव 4075 रुपये प्रति क्विंटल तथा रूस मटर के भाव 3975 रुपये प्रति क्विंटल पर हो गए। इसी तरह मुंद्रा बंदरगाह पर कनाडा मटर के भाव लगभग 4025 रुपये प्रति क्विंटल तथा रूस मटर के भाव 3925 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किए गए। इसी प्रकार घरेलु बाजार में भी इस साप्ताह गिरावट का रुख रहा। कानपुर में मटर के भाव इस सप्ताह 50 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट के साथ सप्ताहांत में भाव 4250/4300 रुपये प्रति क्विंटल रह गए। इसी प्रकार ललितपुर मंडी में मटर के भाव 50 रुपये प्रति क्विंटल घटकर सप्ताहांत में 3700/4100 रुपये प्रति क्विंटल रह गए। महोबा में इस सप्ताह 100 रुपये प्रति क्विंटल की घटकर और भाव 4000/4500 रुपये प्रति क्विंटल रह गए। मांग सुस्त बनी रहने से राठ मटर की कीमतों इस सप्ताह 200 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट देखी गयी और भाव सप्ताहांत में 3800/4000 रुपये प्रति क्विंटल रह गए। चौतरफा गिरावट के असर व मांग कमजोर बनी रहने से मध्य प्रदेश मटर की कीमतों में इस साप्ताह 50 रुपए प्रति क्विंटल की नरमी दर्ज की गयी और इस नरमी के साथ भाव सप्ताहंत में दमोह 3900/4250 रुपए व बीना 3800/4100 रुपए प्रति क्विंटल रह गए।
मटर दाल
मांग सुस्त बनी रहने से चालू साप्ताह के दौरान मटर दाल की कीमतों में कोई तेजी मंदी नहीं देखी गयी और सप्ताहंत में भाव कानपुर 4500/4700 रुपए व इंदौर 4600/4800 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रह गयी।
