Home News

साप्ताहिक समीक्षा – मसूर

17-Oct-2026 08:43 PM

साप्ताहिक समीक्षा – मसूर
कमजोर लिवाली और आयातकों की बिकवाली से मसूर में गिरावट, दाल की मांग में सुधार का इंतजार

घरेलू बाजार में चालू सप्ताह के दौरान मसूर की कीमतों में गिरावट का रुख रहा। ऊंचे भावों पर स्टॉकिस्टों की मुनाफावसूली और आयातकों की बिकवाली बढ़ने के साथ दाल मिलर्स की लिवाली कमजोर पड़ने से बाजार पर दबाव बना रहा। पिछले दिनों कीमतों में आई तेजी के बाद ऊंचे स्तरों पर बिकवाली बढ़ने से बाजार की धारणा प्रभावित हुई है। वहीं, मसूर दाल की खपत में अपेक्षित सुधार नहीं होने से मिलर्स कच्चे माल की खरीद में सावधानी बरत रहे हैं।मसूर बाजार में गिरावट का प्रमुख कारण दाल मिलों की सीमित खरीदारी को माना जा रहा है। ऊंचे भावों पर तैयार मसूर दाल की बिक्री करना चुनौतीपूर्ण होने से मिलें फिलहाल अपनी तत्काल जरूरत के अनुसार ही खरीद कर रही हैं। इसके चलते उत्पादक मंडियों और प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में मसूर की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। जब तक तैयार दाल की मांग में सुधार नहीं आता, तब तक मिलर्स की लिवाली में बड़ी तेजी की संभावना सीमित दिखाई दे रही है। आयातित मसूर में भी इस सप्ताह नरमी देखने को मिली। आयातकों की बिकवाली बढ़ने और लिवाली कमजोर पड़ने से आयातित मसूर के भाव में करीब 100 से 150 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। मुंद्रा में जहाज से पहुंची मसूर के भाव 5,900 से 6,000 रुपये, हजीरा में 6,075 रुपये, जबकि मुंबई में कंटेनर के जरिए उपलब्ध कनाडा मसूर के भाव 6,400 रुपये और ऑस्ट्रेलियाई मसूर के भाव 6,300 रुपये प्रति क्विंटल रह गए।
दिल्ली बाजार
दाल मिलर्स की सीमित लिवाली के कारण दिल्ली बाजार में इस सप्ताह छोटी मसूर के भाव में 75 से 150 रुपये तथा देसी बड़ी मसूर में 100 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। सप्ताहांत में छोटी मसूर के भाव कोटा में 7,350 रुपये, बूंदी में 8050  रुपये, उत्तर प्रदेश की मसूर 8450 रुपये तथा देसी बड़ी मसूर 6700/6725 रुपये प्रति क्विंटल रह गई।
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश की प्रमुख उत्पादक मंडियों में लिवाली सुस्त रहने से मसूर के भाव में लगभग 100 से 150 रुपये प्रति क्विंटल तक की गिरावट दर्ज की गई। सप्ताहांत में अशोकनगर में भाव 6,000 से 6,200 रुपये, बीना में 6,200 से 6,500 रुपये, गंजबासौदा में 6,000 से 6,400 रुपये, सागर में 6,000 से 6,200 रुपये, दमोह में 6,000 से 6,500 रुपये, इंदौर में 6,200 रुपये, करेली में 5,200 से 6,661 रुपये तथा कटनी में 6,650 रुपये प्रति क्विंटल रहे।
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश में भी दाल मिलों की खरीदारी कमजोर रहने से मसूर की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। इस सप्ताह छोटी मसूर के भाव में 100 रुपये तथा बड़ी मसूर में 50 रुपये प्रति क्विंटल की नरमी रही। सप्ताहांत में बरेली में छोटी मसूर के भाव 9,800 रुपये और मोटी मसूर के 6,800 रुपये, ललितपुर में मोटी मसूर 6,000 से 6,200 रुपये तथा छोटी मसूर 8,500 से 8,800 रुपये, जबकि उरई में मसूर के भाव 6,000 से 6,350 रुपये प्रति क्विंटल रहे।
बिहार और अन्य मंडियां
बिहार में मांग सुस्त रहने से मसूर के भाव में इस सप्ताह 100 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। सप्ताहांत में बाढ़ में भाव 7,000 रुपये, खुशरूपुर में 6,900 रुपये तथा मोकामा में 7,000 रुपये प्रति क्विंटल रह गए। वहीं, रायपुर में मसूर के भाव में 50 रुपये की नरमी आई और कीमतें 6,500 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गईं।
मसूर दाल बाजार
कच्चे माल की कीमतों में गिरावट के बावजूद तैयार मसूर दाल में ग्राहकी कमजोर रहने से चालू सप्ताह के दौरान भावों में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। सप्ताहांत में इंदौर में मसूर दाल के भाव 7,100 से 7,250 रुपये, बाढ़ में 7,900 से 8,100 रुपये, खुशरूपुर में 7,800 से 8,000 रुपये, मोकामा में 7,900 से 8,100 रुपये, चंदौसी में 8,700 रुपये तथा हैदराबाद में 7,850 रुपये प्रति क्विंटल रहे।