साप्ताहिक समीक्षा-मूंगफली

18-Jan-2025 08:36 PM

सीमित कारोबार के बीच मूंगफली का भाव लगभग स्थिर 

नई दिल्ली । हालांकि गुजरात के राजकोट तथा उत्तर प्रदेश के झांसी एवं महोबा में 11-17 जनवरी वाले सप्ताह के दौरान मूंगफली की अच्छी आपूर्ति हुई लेकिन मांग सीमित रहने से कीमतों में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं देखा गया। राजकोट में 15-20 हजार बोरी, झांसी में 20 हजार बोरी, महोबा में 6-9 हजार बोरी तथा मऊरानीपुर में 4500-5500 बोरी मूंगफली की औसत दैनिक आवक दर्ज की गई। मऊरानीपुर में 11 जनवरी को 20 हजार बोरी मूंगफली आई थी लेकिन जब किसानों को आकर्षक मूल्य नहीं मिला तब आवक घटने लगी।
भाव 
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान मूंगफली का भाव गुजरात में लगभग स्थिर रहा मगर महाराष्ट्र के सोलापुर में 200 रुपए  बढ़कर 6700 रुपए प्रति क्विंटल हो गया जबकि मऊरानीपुर में 100 रुपए की गिरावट के साथ 4000/4300 रुपए प्रति  क्विंटल रह गया। 
मूंगफली दाना 
छिलका रहित मूंगफली के दाने में भी सीमित कारोबार देखा गया। निर्यातकों की मंग कमजोर रही। क्रशिंग-प्रोसेसिंग इकाइयों ने मूंगफली दाने की खरीद में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई। केवल जयपुर में 60/70 काउंट वाले दाने का भाव 100 रुपए गिरकर 7200 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। 
मूंगफली तेल 
लेकिन नीचे दाम पर मांग सुधरने से मूंगफली तेल का भाव राजकोट, गोंडल,  जूनागढ़ एवं जामनगर में 25 रुपए बढ़कर 1400 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंच गया। इसी तरह बीकानेर, नेवाई-टोंक, चेन्नई तथा हैदराबाद में भी इसमें 10 रुपए की वृद्धि हुई। ब्रांडेड तथा फिल्टर्ड मूंगफली तेल की कीमतों में या तो स्थिरता या 25-50 रुपए की तेजी दर्ज की गई।