नए माल की आवक बढ़ी- कीमतों में मिश्रित रुख
नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों- गुजरात, राजस्थान, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश एवं महाराष्ट्र आदि में खरीफ कालीन मूंगफली फसल की कटाई-तैयारी एवं मंडियों में आवक शुरू हो गई है जिससे कीमतों पर कुछ दबाव देखा जा रहा है।
भाव
हाल के सप्ताहों में बाजार में कुछ तेजी आई थी लेकिन 31 अक्टूबर 5 नवम्बर वाले सप्ताह के दौरान इसका भाव महाराष्ट्र के सोलापुर में 300 रुपए प्रति क्विंटल तथा उत्तर प्रदेश के झांसी में 1000 रुपए प्रति क्विंटल घट गया। वहां महोबा मंडी भी 100 रुपए नरम रही जबकि मऊरानीपुर में 500 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई। गुजरात के राजकोट एवं राजस्थान के बीकानेर में भाव स्थिर रहे।
आवक
राजकोट में 15-20 हजार बोरी, झांसी में 37,500 बोरी, महोबा में 10 हजार बोरी तथा मऊरानीपुर में 15 हजार बोरी मूंगफली की औसत दैनिक आवक दर्ज की गई।
मूंगफली दाना
छिलका रहित मूंगफली दाने के दाम में मिश्रित रुख देखा गया। बीकानेर और सोलापुर में 200-200 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी मगर नागपुर में 200-300 रुपए प्रति क्विंटल की नरमी दर्ज की गई।
मूंगफली तेल
लूज रूप में मूंगफली तेल में अच्छा कारोबार हुआ जिससे गुजरात के विभिन्न केन्द्रों में इसका भाव 50 रुपए सुधरकर 1800 रुपए प्रति 10 किलो हो गया 15 किलो वाला टेलिया टीन भी 2800 रुपए रहा।
ब्रांडेड तेल
कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल 2950 रुपए प्रति टीन (15 लीटर) पर स्थिर रहा जबकि जयपुर एवं नेवाई में फिल्टर्ड मूंगफली तेल की कीमतों में 20-30 रुपए का सुधार आया। आगामी समय में विभिन्न मंडियों में मूंगफली की आवक बढ़ने की उम्मीद की जा रही है।