साप्ताहिक समीक्षा-चीनी
28-Dec-2024 07:21 PM
नीचे दाम पर लिवाली होने से चीनी के मूल्य में सुधार
नई दिल्ली। पिछले कुछ सप्ताहों से कमजोर लिवाली के कारण चीनी के मिल डिलीवरी भाव तथा हाजिर बाजार मूल्य में नरमी का माहौल बना हुआ था लेकिन 21-27 दिसम्बर वाले सप्ताह के दौरान नीचे दाम पर अच्छाह कारोबार होने से कीमतों में सुधार आ गया।
मिल डिलीवरी भाव
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान चीनी का मिल डिलीवरी भाव पूर्वी उत्तर प्रदेश में 60 रुपए प्रति क्विंटल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 35 रुपए, पंजाब में 40 रुपए मध्य मध्य प्रदेश में 50 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ गया जबकि बिहार में लगभग स्थिर बना रहा। गुजरात में भी चीनी के मिल डिलीवरी भाव में 20 से 80 रुपए प्रति क्विंटल तक का इजाफा दर्ज किया गया। सभी राज्यों में चीनी का उत्पादन शुरू हो चुका है।
कोटा
केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने जनवरी 2025 के लिए 22.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा निर्धारित किया है जो दिसम्बर 2024 के कोटा 22 लाख टन से 50 हजार टन ज्यादा मगर जनवरी 2024 के नियत कोटा 23 लाख टन से 50 हजार टन कम है। जनवरी का कोटा मांग एवं आपूर्ति की दृष्टि से काफी हद तक संतुलित माना जा रहा है।
हाजिर बाजार भाव
चीनी का हाजिर बाजार मूल्य दिल्ली में 100 रुपए की तेजी के साथ 4100/4250 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा मगर इंदौर में 5 रुपए की नरमी से 3770/3870 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया जबकि रायपुर में यह 3750/3850 रुपए प्रति क्विंटल के पिछले स्तर पर बरकरार रहा।
मुम्बई
उधर मुम्बई (वाशी) मार्केट में भी चीनी का हाजिर मूल्य 3530/3730 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा जबकि नाका पोर्ट डिलीवरी मूल्य में 3480/3680 रुपए प्रति क्विंटल के स्तर पर कोई बदलाव नहीं हुआ।
टेंडर
लेकिन महाराष्ट्र और कर्नाटक में चीनी के टेंडर मूल्य में अच्छी वृद्धि दर्ज की गई। चीनी का टेंडर मूल्य महाराष्ट्र में 110-150 रुपए की तेजी से 3295/3655 रुपए प्रति क्विंटल तथा कर्नाटक में 25-70 रुपए बढ़कर 3370/3460 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। कोलकाता में चीनी का हाजिर भाव 50-60 रुपए तेज होकर 3900/4080 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा।
क्रशिंग / उत्पादन
उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, गुजरात एवं तमिनाडु समेत देश के अन्य राज्यों में गन्ना की जोरदार क्रशिंग हो रही है और चीनी का उत्पादन जारी है।
