रिकॉर्ड उत्पादन की संभावना से गेहूं के वैश्विक बाजार मूल्य पर दबाव

20-Jan-2025 03:40 PM

शिकागो । हालांकि रिकॉर्ड उत्पादन की संभावना से वर्ष 2025 के दौरान गेहूं के वैश्विक बाजार भाव पर दबाव पड़ने की उम्मीद है लेकिन निकट भविष्य में आपूर्ती एवं उपलब्धता की जटिल स्थिति रहने से कीमतों को कुछ समर्थन मिल सकता है।

एक अग्रणी रिसर्च एजेंसी- बीएमआई की रिपोर्ट में कहा गया है कि मुलायम लाल शीत कालीन गेहूं की बेहतर पैदावार की उम्मीद से कीमतों में नरमी का रुख बरकरार रह सकता है।

शिकागो बोर्ड ऑफ ट्रेड (सीबोट) में सूचीबद्ध गेहूं का वार्षिक औसत मूल्य दूसरे माह के लिए 5.80 डॉलर प्रति बुशेल रहने का अनुमान है जबकि पहले 6.05 डॉलर प्रति बुशेल रहने की संभावना व्यक्त की गई थी। 

अमरीकी कृषि विभाग की राष्ट्रीय कृषि सांख्यिकी सेवा (नास) की अब तक की कीमतों के आधार पर 2024-25 के सीजन में सभी गेहूं का सीजनल औसत फार्म मूल्य का अनुमान 0.05 डॉलर प्रति बुशेल घटाकर अब 5.55 डॉलर प्रति बुशेल निर्धारित किया गया है जो मार्केटिंग सीजन के शेष बचे (आगामी) महीनों के दौरान वायदा एवं हाजिर बाजार का अनुमानित मूल्य है। 

एक अन्य विश्लेषक के मुताबिक अगले सीजन के दौरान अमरीका तथा विश्व बाजार में गेहूं की आपूर्ति की स्थिति कुछ जटिल रहने की आशंका है और इसलिए गेहूं का भाव वर्तमान स्तर से कुछ ऊंचा रह सकता है।

डोनाल्ड ट्रम्प आज यानी 20 जनवरी 2025 को भारतीय समय के अनुसार रात 10.30 बजे अमरीका के 47 वें राष्ट्रपति पद के लिए शपथ लेने वाले हैं।

यह देखना दिलचस्प होगा कि आगामी महीनों के दौरान गेहूं के बारे में उनकी रणनीति कैसी रहती है क्योंकि अमरीका संसार के पांच शीर्ष गेहूं निर्यातक देशों की सूची में शामिल हैं। इस विश्लेषक ने सीबोट में गेहूं का वायदा भाव 6 डॉलर प्रति बुशेल से ऊपर ही रहने का अनुमान लगाया है। 

समीक्षकों का कहना है कि गेहूं की कीमतों में भारी तेजी आने की गुंजाईश तो नहीं है लेकिन आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति जटिल रहने पर भाव कुछ हद तक मजबूत रह सकता है।

वर्ष 2024 के लिए भी कुछ इसी तरह का अनुमान लगाया गया था मगर हकीकत में गेहूं के दाम पर दबाव बना रहा। चालू सीजन के दौरान अमरीका में गेहूं का अंतिम स्टॉक 17 प्रतिशत बढ़कर 81.50 करोड़ बुशेल या 220 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान है।