राजस्थान के कोटा संभाग में गेहूं की सरकारी खरीद शुरू

13-Mar-2026 03:18 PM

जयपुर। केंद्रीय पूल में गेहूं का योगदान देने वाले पांच अग्रणी राज्यों में शामिल-राजस्थान के कोटा संभाग में 10 मार्च 2026 से इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न की सरकारी खरीद औपचारिक तौर पर आरम्भ हो गई। इस बार राज्य में गेहूं का रकबा बढा है और फसल की हालत सामान्य बताई जा रही है जिससे उत्पादन बेहतर होने के आसार है। 

चालू वर्ष के लिए राजस्थान सरकार ने गेहूं पर 150 रूपए प्रति क्विंटल का बोनस देने की घोषणा की है जो केंद्र सरकार द्वारा नियत न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रूपए प्रति क्विंटल के अतिरिक्त है। इस तरह राजस्थान के किसानो को सरकारी क्रय केन्द्रो पर अपना गेहूं बेचने पर 2735 रूपए प्रति क्विंटल का मूल्य प्राप्त होगा। 

राजस्थान सरकार ने केंद्र से इस वर्ष 23 लाख टन गेहूं की खरीद का लक्ष्य नियत करने का आग्रह किया था लेकिन केंद्र ने इसमें 2 लाख टन की कटौती करके 21 लाख टन की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है पिछले साल राजस्थान में करीब 21.40 लाख टन गेहूं की वास्तविक सरकारी खरीद हुई थी।