रबी फसलों का रकबा 393 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा

01-Dec-2025 09:43 PM

नई दिल्ली। मौसम की अनुकूल स्थिति एवं किसानों के उत्साह की बदौलत रबी फसलों का बिजाई क्षेत्र इस बार 28 नवम्बर 2025 तक बढ़कर 393.07 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया जो पिछले साल की समान अवधि के रकबा 357.73 लाख हेक्टेयर से करीब 35.34 लाख हेक्टेयर ज्यादा है। इस बार रबी फसलों का पंचवर्षीय औसत सेहतरफल 637.81 लाख हेक्टेयर आंका गया है जिसके 50 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र में बिजाई पूरी हो चुकी है। 

केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के नवीनतम साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार पिछले साल की तुलना में चालू रबी सीजन के दौरान गेहूं का बिजाई क्षेत्र 160.26 लाख हेक्टेयर से उछलकर 187.37 लाख हेक्टेयर पर,

धान का उत्पादन क्षेत्र 8.45 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 9.10 लाख हेक्टेयर, दलहनों का क्षेत्रफल 85.06 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 87.01 लाख हेक्टेयर, मोटे अनाजों का रकबा 26.58 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 29.06 लाख हेक्टेयर और तिलहनों का उत्पादन क्षेत्र 77.38 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 80.53 लाख हेक्टेयर का सिलसिला जारी है

जबकि मटर की बिजाई कुछ पिछड़ गई है। इसके अलावा कुलथी, उड़द, मूग, खेसारी एवं अन्य दलहनों का रकबा या तो गत वर्ष के बराबर या उससे पीछे है। 

तिलहनों के संवर्ग में सरसों के उत्पादन क्षेत्र में 4 लाख हेक्टेयर से अधिक की बढ़ोत्तरी हो रही है और सैफ्लावर का रकबा भी बढ़ा है लेकिन मूंगफली और असली का क्षेत्रफल काफी पीछे रह गया है। 

मोटे अनाजों में ज्वार, मक्का और जौ के क्षेत्रफल में अच्छी बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। रागी तथा स्मॉल मिलेट्स का रकबा भी थोड़ा आगे है। रबी फसलों की जोरदार बिजाई अभी जारी है और अगले कुछ सप्ताहों तक चलती रहेगी।