पश्चिमोत्तर भारत में आंधी-वर्षा के प्रकोप की संभावना

03-Apr-2026 10:43 AM

नई दिल्ली। मौसम विभाग ने अगले तीन-चार दिनों तक पश्चिमोत्तर भारत में आंधी-वर्षा का प्रकोप रहने की संभावना व्यक्त की है जिससे रबी कालीन फसलों को नुकसान हो सकता है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में गेहूं के नए माल की आवक शुरू हो चुकी है।

कुछ मंडियों में सरकारी खरीद की गति धीमी रहने तथा समुचित व्यवस्था नहीं होने से वहां किसानों द्वारा लाए गए चना, सरसों एवं गेहूं के स्टॉक को पिछले दिनों की आंधी-बारिश से क्षति होने की शिकायत सामने आ रही है। 

मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश एवं राजस्थान के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी आज और कल यानी 3 और 4 अप्रैल को तेज हवा के प्रवाह के साथ आसमान में बादल छाए रहने तथा कहीं-कही बारिश होने की सभावना है। इसी तरह के मौसम मध्य प्रदेश के कई भागों एवं छत्तीसगढ़ में भी रहने का अनुमान है। 

वर्तमान समय में एक पश्चिमी विक्षोभ पूर्वी ईरान तथा इससे सटे अफगानिस्तान के ऊपर सक्रिय है जबकि पूर्वी राजस्थान के ऊपर वायु का एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन मौजूद है। पूर्वी राजस्थान से एक ट्रफ गुजरात होते हुए अरब सागर की ओर बढ़ रहा है। इससे कई क्षेत्रों में भारी वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना है।