प्रमुख उत्पादक मंडियों में नई लालमिर्च की आवक का दबाव
15-Jan-2025 05:58 PM
गुंटूर । आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना जैसे शीर्ष उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में लालमिर्च के नए माल की आपूर्ति का दबाव बढ़ता जा रहा है जबकि उसके अनुरूप उठाव नहीं होने से कीमतों में नरमी का माहौल बना हुआ है।
आंध्र प्रदेश की गुंटूर मंडी में लालमिर्च की कुल दैनिक आवक बढ़ते हुए 80-85 हजार बोरी तक पहुंच गई है जिसमें नए माल की भागीदारी 30 हजार बोरी के करीब देखी जा रही है।
इसके साथ-साथ तेलंगाना और कर्नाटक की वारंगल खम्माम एवं ब्यादगी मंडी में भी नई लालमिर्च की आवक बढ़ती जा रही है।
घरेलू एवं निर्यात मांग फिलहाल ज्यादा मजबूत नहीं है इसलिए कीमतों में नरमी देखी जा रही है। वैसे मजबूत मांग का समय आ गया है। चीन तथा बांग्ला देश सहित अन्य आयातक देशों में इसकी मांग शीघ्र ही बढ़ने की संभावना है।
इधर उत्तरी भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और अब लग्नसरा तथा मांगलिक उत्सवों का सीजन भी आरंभ हो गया है जिससे लालमिर्च की मांग एवं खपत बढ़ने की उम्मीद है।
आंध्र प्रदेश, तेलंगाना एवं कर्नाटक में लालमिर्च का अच्छा खासा पुराना स्टॉक अभी बचा हुआ है जबकि नए माल की आवक भी बढ़ने लगी है।
ऐसी हालत में जोरदार घरेलू एवं निर्यात मांग निकलने पर ही कीमतों में तेजी मजबूती का माहौल बन सकता है। उत्पादकों को इसकी उम्मीद है।
