पाकिस्तान से चीनी के आयात की संभावना से इंकार

22-Aug-2026 12:42 PM

नई दिल्ली। हालांकि घरेलू बाजार में आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ाने तथा कीमतों में तेजी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सरकार ने 10 लाख टन कच्ची चीनी (रॉ शुगर) के शुल्क मुक्त आयात की स्वीकृति प्रदान की है लेकिन मिलर्स-रिफाइनर्स को पाकिस्तान से इसे मंगाने की अनुमति नहीं मिलेगी। पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय व्यापार पर जो प्रतिबंध लगा हुआ है वह बरकरार रहेगा। 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि पाकिस्तान से सम्बन्धित भारत की स्थिति एवं नीति से सभी अवगत हैं। इस तरह की खबर आ रही थी कि पाकिस्तानी चीनी उत्पादक भारतीय बाजार में अपने स्टॉक की आपूर्ति करने के लिए तत्पर है लेकिन प्रवक्ता ने इसकी संभावना से इंकार कर दिया।

यह स्पष्टीकरण ऐसे समय में आया है जब भारत में चीनी का थोक एवं खुदरा बाजार भाव उछलकर ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है और सरकार इसे नियंत्रण में लाने का जोरदार प्रयास कर रही है।

कच्ची चीनी के आयात के लिए भारत के समक्ष ब्राजील एवं थाईलैंड जैसे देशों का विकल्प मौजूद है जो दुनिया के दो सबसे प्रमुख आपूर्तिकर्ता देश हैं। भारत सरकार अपवाद स्वरूप भी पाकिस्तान से चीनी के आयात पर विचार नहीं कर रही है। 19 अगस्त को पाकिस्तान में 1.05 लाख टन चीनी की बिक्री के लिए वैश्विक टेंडर जारी किया गया था।