ऑस्ट्रेलिया से नवम्बर में करीब 7.70 लाख टन कैनोला का निर्यात

22-Jan-2025 11:09 AM

एडिलेड । सरकारी एजेंसी- ऑस्ट्रेलियाई संख्यिकी ब्यूरो (एबीएस) के आंकड़ों से पता चलता है कि नवम्बर 2024 के दौरान ऑस्ट्रेलिया से कैनोला का निर्यात तेजी से उछलकर 7.70 लाख टन की ऊंचाई पर पहुंच गया जो अक्टूबर के शिपमेंट 1.80 लाख टन तथा सितम्बर के निर्यात 3.83 लाख टन से काफी अधिक रहा।

इस तरह सितम्बर-नवम्बर 2024 की तिमाही के दौरान ऑस्ट्रेलिया से लगभग 13.33 लाख टन कैनोला का निर्यात शिपमेंट किया गया। 

यूरोपीय संघ के सदस्य देश ऑस्ट्रेलियाई कैनोला के सबसे प्रमुख खरीदार हैं जबकि कई एशियाई देश भी वहां से इसका आयात करते हैं।

एबीएस की रिपोर्ट के अनुसार समीक्षाधीन तिमाही के दौरान ऑस्ट्रेलिया से बेल्जियम को 3.81 लाख टन, जर्मनी को 3.10 लाख टन, फ्रांस को 1.85 लाख टन, पाकिस्तान को 1.30 लाख टन जापान को 1.16 लाख टन कैनोला का निर्यात किया गया।

इसके अलावा बांग्ला देश, नेपाल, नीदरलैंड, मलेशिया, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) एवं दक्षिण कोरिया सहित कुछ अन्य देशों को भी कैनोला की खेप भेजी गई। इससे पूर्व नवम्बर 2023 में ऑस्ट्रेलिया से 5.42 लाख टन कैनोला का निर्यात हुआ था।

एक शिपिंग कम्पनी के अनुसार ऑस्ट्रेलिया से दिसम्बर 2024 में 5.37 लाख टन कैनोला का शिपमेंट किया गया जबकि जनवरी 2025 में 6.48 लाख टन का निर्यात हो सकता है।

नई फसल की जोरदार आवक शुरू होने तथा आयातक देशों में मांग मजबूत रहने से ऑस्ट्रेलियाई कैनोला का निर्यात प्रदर्शन सुधरने लगा है। वैश्विक बाजार में उसे कनाडा की प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है।

अगले महीने भी ऑस्ट्रेलिया से भारी मात्रा में इसका निर्यात होने की उम्मीद है क्योंकि यूरोपीय देशों द्वारा इसका अनुबंध पहले ही किया जा चुका है।