ऑस्ट्रेलिया में ग्रीष्मकालीन फसलों का उत्पादन 11 प्रतिशत घटने का अनुमान
12-Jun-2024 06:32 PM
कैनबरा । संघीय सरकार की अधीनस्थ संस्था- अबारेस ने अपनी नवीनतम (जून) रिपोर्ट में 2023-24 के ग्रीष्मकालीन सीजन में कुल 46 लाख टन कृषि उत्पादन होने का अनुमान लगाया है जो सामान्य औसत से कुछ अधिक मगर 2022-23 सीजन के उत्पादन से 11 प्रतिशत कम है।
ऑस्ट्रेलिया में ग्रीष्मकालीन फसलों की कटाई-तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है और खासकर पूर्वी राज्यों में यह जल्दी ही समाप्त होने वाली है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व अबारेस ने अपनी मार्च की रिपोर्ट में कृषि उत्पादन का जो अनुमान लगाया था उसके मुकाबले जून का उत्पादन अनुमान 8 प्रतिशत ज्यादा है।
दरअसल क्वींसलैंड तथा न्यू साउथ वेल्स प्रान्त के उत्तरी भाग में बसंतकाल के अंतिम दिनों से लेकर ग्रीष्मकाल के आरंभ तक मौसम की स्थिति उम्मीद से बेहतर रही जिससे कई फसलों की उपज दर में सुधार दर्ज किया गया।
रिपोर्ट के अनुसार पिछले साल के मुकाबले चालू वर्ष के दौरान ग्रीष्मकालीन फसलों के उत्पादन में गिरावट आने का मुख्य कारण इसका बिजाई क्षेत्र कम रहना है।
उपज दर में यद्यपि कुछ बढ़ोत्तरी हुई मगर कम क्षेत्रफल के कारण कुल उत्पादन घट गया। फसल की कटाई अब तक समाप्त हो जानी चाहिए थी मगर पतझड़ फाल में भयंकर आंधी-तूफान आने तथा प्रमुख उत्पादक इलाकों में भारी वर्षा होने से न केवल कटाई में देर हो गई बल्कि इसकी रफ्तार भी धीमी रही।
इसके फलस्वरूप कुछ इलाकों में अनाज तथा कपास की क्वालिटी भी प्रभावित हुई। लेकिन पिछैती बिजाई वाली फसलों के उत्पादन पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ा।
क्वींसलैंड प्रान्त में कुल कृषि उत्पादन 2022-23 सीजन के मुकाबले 22 प्रतिशत घटकर 2023-24 के वर्तमान सीजन में 20 लाख टन पर अटक जाने का अनुमान है जो मार्च रिपोर्ट के अनुमान से 8 प्रतिशत ज्यादा है।
न्यू साउथ वेल्स प्रान्त में कुल उत्पादन 25 लाख टन होने की संभावना है जो मार्च की तुलना में 10 प्रतिशत तथा 10 वर्षीय औसत के मुकाबले 37 प्रतिशत ज्यादा है।
