ऑफ सीजन में चीनी का घरेलू बाजार भाव कुछ सुधरने के आसार
04-Apr-2024 01:19 PM
नई दिल्ली । चीनी का घरेलू बाजार भाव हाल के सप्ताहों में काफी हद तक स्थिर हो गया है। एक दलाली फर्म की रिपोर्ट के मुताबिक चीनी का एक्स फैक्ट्री मूल्य फिलहाल उत्तर प्रदेश में 37.50 रुपए प्रति क्विंटल तथा महाराष्ट्र में 34 रुपए प्रति क्विंटल चल रहा है जबकि ऑफ सीजन में इसका दाम कुछ सुधरने के आसार हैं।
रिपोर्ट के अनुसार उत्पादन सीजन के आरंभ में चीनी का भाव ऊंचा और तेज चल रहा था क्योंकि उस समय उत्पादन में भारी गिरावट आने की आशंका व्यक्त की जा रही थी लेकिन बाद में कुछ कारणों से इसमें नरमी आने लगी।
एक तो सरकार ने एथनॉल निर्माण में चीनी के उपयोग की मात्रा सीमित कर दी और मिलर्स तथा स्टाकिस्टों को स्टॉक की नियमित जानकारी देने के लिए कहा। चीनी के निर्यात पर जून 2023 में ही प्रतिबंध लगा दिया गया था जो अब भी बरकरार है।
उत्तर प्रदेश में चीनी का एक्स मिल भाव गिरकर 37.50-3800 रुपए प्रति किलो पर आ गया है फिर भी यह मिलर्स के लिए लाभदायक तथा आकर्षक है। उत्पादन का सीजन समाप्त होने के बाद इसमें कुछ तेजी आ सकती है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 2023-24 सीजन के दौरान 31 मार्च 2024 तक देशभर की मिलों में 29.50 करोड़ टन गन्ना की क्रशिंग हुई जो 2023 की समान अवधि की क्रशिंग 20.50 करोड़ टन से कम है लेकिन गन्ना से चीनी की औसत रिकवरी दर सुधरकर 10.15 प्रतिशत पर पहुंचने से चीनी का कुल उत्पादन पिछले सीजन से कुछ आगे निकल गया।
2023-24 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन के दौरान चीनी का कुल घरेलू उत्पादन 320-325 लाख टन के बीच होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
