नवम्बर-दिसम्बर में इंडोनेशिया से हुआ खाद्य तेलों का सर्वाधिक आयात
15-Jan-2025 08:13 PM
मुम्बई । सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) द्वारा संकलित आंकड़ों से पता चलता है कि चालू मार्केटिंग सीजन के शुरूआती दो महीनों में यानी नवम्बर-दिसम्बर 2024 के दौरान भारत में कुल मिलाकर करीब 27.76 लाख टन खाद्य तेलों का आयात हुआ
जिसमें 8.74 लाख टन क्रूड पाम तेल (सीपीओ), 8.28 लाख टन क्रूड डिगम्ड सोयाबीन तेल, 6.06 लाख टन क्रूड सूरजमुखी तेल,4.50 लाख टन आरबीडी पामोलीन तथा 19 हजार टन क्रूड पाम कर्नेल तेल का आयात शामिल था।
इंडोनेशिया इन दो महीनों में भारत के खाद्य तेलों (मुख्यत: पाम तेल) का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता देश रहा जिसने करीब 7.94 लाख टन का निर्यात किया।
इसके अलावा भारत में अर्जेन्टीना से 6.59 लाख टन, मलेशिया से 4.82 लाख टन, रूस से 4.80 लाख टन, यूक्रेन से 1.50 लाख टन, ब्राजील से 82 हजार टन, थाईलैंड से 19 हजार टन तथा दुनिया के अन्य देशों से 1.10 लाख टन खाद्य तेल मंगाया गया।
भारत में पाम संवर्ग के क्रूड एवं रिफाइंड खाद्य तेलों का आयात इंडोनेशिया, मलेशिया एवं थाईलैंड से, क्रूड सोयाबीन तेल का आयात अर्जेन्टीना, ब्राजील एवं रूस से तथा क्रूड सूरजमुखी तेल का आयात रूस, यूक्रेन एवं अर्जेन्टीना से किया गया।
इन दो महीनों में दुनिया के अन्य देशों से 53 हजार टन सोयाबीन तेल, 10 हजार टन सूरजमुखी तेल, 35 हजार टन क्रूड पाम तेल, 10 हजार टन आर बीडी पामोलीन तथा लगभग 2 हजार टन क्रूड पाम कर्नेल तेल का आयात भी किया गया।
इसका मतलब यह हुआ कि भारत के आयातक संसार के प्रमुख परम्परागत निर्यातक देशों के साथ-साथ अन्य नए आपूर्तिकर्ता देशों से भी खाद्य तेलों का आयात बढ़ाने का निरन्तर प्रयास कर रहे हैं।
