नवम्बर के लिए 15 लाख टन का एडवांस फ्री सेल कोटा का चीनी बाजार पर सीमित असर

26-Oct-2023 03:24 PM

नई दिल्ली । पीक त्यौहारी सीजन में चीनी की मांग एवं खपत में भारी बढ़ोत्तरी होने की संभावना को देखते हुए केन्द्र सरकार ने एहतियाती उपाय शुरू कर दिए हैं। इसके तहत उसने नवम्बर 2023 के लिए 15 लाख टन चीनी का अग्रिम फ्री सेल कोटा घोषित करते हुए कहा है कि इसकी बिक्री तत्काल प्रभाव से शुरु की जा सकती है।

इसका मतलब यह हुआ कि इसे बेचने के लिए नवम्बर तक इंतजार करने की जरूरत नहीं है। मालूम हो कि इससे पूर्व अक्टूबर में बिक्री के लिए सितम्बर में ही 13 लाख टन चीनी एक अग्रिम फ्री सेल कोटा नियत किया गया था और फिर बाद में 15 लाख टन का अतिरिक्त कोटा जारी किया गया।

इस तरह चालू माह के लिए कुल 28 लाख टन चीनी का कोटा जारी हो गया लेकिन फिर भी कीमतों में उम्मीद के अनुरूप नरमी नहीं आ सकी। नवम्बर के लिए चीनी के फ्री सेल कोटे के दूसरी क़िस्त अगले महीने घोषित हो सकती है। यह कोटा 13 से 15 लाख टन के बीच हो सकता है।

चीनी का घरेलू बाजार भाव नियंत्रित करने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है मगर इसका कोई खास असर नहीं पड़ रहा है। यह सही है कि भारत में चीनी अब भी कई अन्य देशों के मुकाबले सस्ते दाम पर उपलब्ध है लेकिन यह तथ्य भी ध्यान देने लायक है कि आमतौर पर 20-22 लाख टन की मासिक खपत वाले देश में 28 लाख टन का विशाल फ्री सेल कोटा नियत होने के बावजूद बाजार नरम नहीं पड़ रहा है।

इससे पूर्व अगस्त-सितम्बर के लिए भी 25.00-25.50 लाख टन चीनी का भारी-भरकम कोटा निर्धारित हुआ था लेकिन कीमतों में अपेक्षित नरमी नहीं आ सकी थी। सरकार चीनी के मिलर्स एवं व्यापारियों-स्टॉकिस्टों पर भी शिकंजा कस रही है ताकि बाजार में आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़े और दाम घटे। यदि दाम नहीं घटा तो यही माना जाएगा कि देश में चीनी की खपत तेजी बढ़ रही है।