नेपाल में धान तथा चावल के आयात में 54 प्रतिशत की भारी बढ़ोत्तरी

31-Dec-2024 04:30 PM

काठमांडू । चालू वित्त वर्ष (2024-25) के शुरूआती पांच महीनों के दौरान नेपाल में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले धान तथा चावल के आयात में 54 प्रतिशत की जोरदार बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। कस्टम विभाग के आंकड़ों के अनुसार समीक्षाधीन अवधि के दौरान इसके आयात का कुल खर्च 8.28 अरब रुपए (नेपाली मुद्रा) से उछलकर 12.78 अरब रुपए पर पहुंच गया।

जहां तक धान की बात है तो चालू वित्त वर्ष के आरंभिक पांच महीनों में इसका आयात बढ़कर 1,63,701 टन पर पहुंचा जिसका मूल्य 6.05 अरब रुपए रहा। इसके मुकाबले पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 4.09 अरब रुपए मूल्य के 1,10,555 टन धान का आयात किया गया था।

इसी तरह आलोच्य अवधि के दौरान चावल का आयात भी 42,152 से उछलकर 79,411 टन पर पहुंचा और इस पर खर्च होने वाली राशि 4.19 अरब रुपए से बढ़कर 6.73 अरब रुपए पर पहुंच गई। नेपाली रुपए की विनिमय दर भारतीय मुद्रा से काफी नीचे रहती है। 

उपलब्ध आंकड़ों से पता चलता है कि इस अवधि के दौरान चावल के आयात में 60 प्रतिशत तथा धान के आयात में 48 प्रतिशत का इजाफा हुआ। 

मक्का के आयात में विभिन्न रूख रहा। इसकी मात्रा तो 1,20,129 टन से घटकर 1,05,700 टन पर अटक गई लेकिन इस पर खर्च होने वाली राशि 4.95 अरब रुपए से बढ़कर 5.36 अरब रुपए पर पहुंच गई। इसके अलावा वहां गेहूं, जौ एवं मिलेट्स का भी थोड़ा-बहुत आयात हुआ।

नेपाल में धान-चावल का अधिकांश आयात भारत से किया जाता है क्योंकि यह सस्ता पड़ता है। दोनों देशों की स्थलीय सीमा आपस में सटी हुई है और इसलिए सड़क मार्ग से कारोबार होता है।