नैफेड के पास लगभग 22 लाख टन दलहन का स्टॉक मौजूद

15-Apr-2026 11:12 AM

नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय की अधीनस्थ एजेंसी- भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन महासंघ (नैफेड) के पास वर्तमान समय में लगभग 22 लाख टन दलहनों का स्टॉक मौजूद है जबकि यह एजेंसी अभी खरीफ कालीन तुवर एवं रबी कालीन चना तथा मसूर की खरीद का प्रयास भी कर रही है। 

आईग्रेन इंडिया की विशेष जानकारी के अनुसार नैफेड के पास फिलहाल 4.20 लाख टन मूंग, 40 हजार टन उड़द, 6.90 लाख टन तुवर (अरहर), 7.40 लाख टन चना और 3.30 लाख टन मसूर के साथ कुल करीब 22.20 लाख टन का स्टॉक  मौजूद है।

इस बीच केन्द्रीय उपभोक्ता मामले ने राज्यों को उसकी कल्याणकारी योजनाओं में वितरण के लिए दलहनों की आपूर्ति करने का ऑफर दिया है।

राज्यों को फिलहाल खुली टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से दलहनों की  खरीद करनी पड़ रही है। यह प्रक्रिया कुछ जटिल होती है जबकि केन्द्रीय बफर स्टॉक से उसे आसानी से समुचित मात्रा में दलहन प्राप्त हो सकता है। 

नैफेड एक केन्द्रीय एजेंसी है जिसे किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर दलहन, तिलहन एवं कोपरा की खरीद का दायित्व सौंपा जाता है। यह एजेंसी खरीफ और रबी- दोनों सीजन में सक्रिय रहती हैं। अभी रबी सीजन की खरीद का समय चल रहा है।