नौ माह में कांडला बंदरगाह से 10.72 लाख टन ऑयल मील का निर्यात

17-Jan-2025 08:18 PM

मुम्बई । वर्ष 2023 की तुलना में 2024 के अप्रैल-दिसम्बर के नौ माह की अवधि के दौरान देश से ऑयल मील का निर्यात 34.97 लाख टन से 10 प्रतिशत घटकर 31.51 लाख टन पर अटक गया।

इस अवधि में गुजरात के कांडला बंदरगाह से करीब एक-तिहाई डीओसी का शिपमेंट किया गया। इसके अलावा मूंदड़ा तथा जवाहर लाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट (जेएनपीटी) से भी भारी मात्रा में डीओसी को आयातक देशों में भेजा गया। 

सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) के आंकड़ों से पता चलता है कि अप्रैल-दिसम्बर 2023 की तुलना में अप्रैल-दिसम्बर 2024 के दौरान कांडला बंदरगाह से ऑयल मील का निर्यात शिपमेंट 10.16 लाख टन से सुधरकर 10.72 लाख टन तथा मुम्बई / जेएनपीटी से 2.77 लाख टन से उछलकर 5.07 लाख टन पर पहुंच गया मगर मूंदड़ा बंदरगाह से शिपमेंट 11.69 लाख टन से लुढ़ककर 7.13 लाख टन, कोलकाता बंदरगाह से 1.10 लाख टन से घटकर 12 हजार टन तथा देश के अन्य बंदरगाहों से 9.25 लाख टन से गिरकर 8.47 लाख टन पर अटक गया। 

सोयामील का निर्यात ऑफर मूल्य दिसम्बर 2024 में घटकर 363 डॉलर प्रति टन के निम्न स्तर पर आ गया जिससे इसकी मांग  आयातक देशों में बढ़ गई।

इससे पूर्व यह ऑफर मूल्य नवम्बर में 372 डॉलर प्रति टन, अक्टूबर में 429 डॉलर, सितम्बर में 490 डॉलर तथा दिसम्बर 2023 में 539 डॉलर प्रति टन दर्ज किया गया था।

सोयामील के निर्यात में अच्छी बढ़ोत्तरी देखी जा रही है मगर दूसरी ओर खल सरसों (रेपसीड मील) का निर्यात प्रदर्शन बहुत कमजोर चल रहा है।