म्यांमार से दलहनों, मक्का एवं तिल के निर्यात में अच्छी बढ़ोत्तरी
26-May-2026 12:46 PM
यंगून। भारत के पूर्वोत्तर पड़ोसी देश-म्यांमार से वित्त वर्ष 2025-26 (अप्रैल-मार्च) के दौरान 1.80 अरब डॉलर मूल्य के 17.70 लाख टन दलहन, 12.30 लाख टन मक्का तथा 1.17 लाख टन से अधिक तिल का निर्यात हुआ।
एक अग्रणी व्यापारिक संस्था- म्यांमार पल्सेस, बीन्स मैज एंड सीसेम सीड्स मर्चेंट्स एसोसिएशन के अनुसार म्यांमार से इन महत्वपूर्ण कृषि उत्पादों का निर्यात दुनिया के 40 से अधिक देशों में किया जाता है।
इसमें भारत, थाईलैंड, फिलीपींस, चीन एवं वियतनाम मुख्य रूप से शामिल हैं। म्यांमार से भारत को उड़द एवं अरहर (तुवर), थाईलैंड को मक्का तथा चीन को मूंग एवं तिल का भारी निर्यात किया जाता है।
इन देशों का विशाल बाजार उपलब्ध रहने से म्यांमार को अपने प्रमुख कृषि उत्पादों का निर्यात बढ़ाने में काफी सुविधा हो रही है। वहां इन जिंसों का उत्पादन बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लाभ प्राप्त हो सके। म्यांमार दुनिया में उड़द एवं मूंग के प्रमुख उत्पादक देशों में शामिल है। कृषि क्षेत्र म्यांमार की अर्थव्यवस्था की रीढ़ की हड्डी है।
सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में इसका योगदान 30 प्रतिशत से ज्यादा रहता है। वहां लगभग एक करोड़ एकड़ में दलहनों की खेती होती है। चावल के बाद दलहन एवं बीन्स उसका दूसरा सबसे प्रमुख कृषि उत्पाद है।
