मध्य प्रदेश में कपास की खरीद 12 लाख क्विंटल पर पहुंची
20-Jan-2025 01:50 PM
इंदौर । केन्द्रीय कपड़ा मंत्रालय की अधीनस्थ एजेंसी- भारतीय कपास निगम (सीसीआई) द्वारा 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के दौरान अब तक 12 लाख क्विंटल कपास की खरीद की जा चुकी है जो 2023-24 सीजन की समान अवधि की खरीद 6.35 लाख क्विंटल से लगभग दोगुनी अधिक है।
इस नोडल एजेंसी द्वारा किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कपास की खरीद की जा रही है। अक्टूबर 2024 से ही निगम ने मध्य प्रदेश में कपास खरीदना शुरू कर दिया था। कपास की खरीद के लिए राज्य में 21 क्रय केन्द्र खोले गए हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार चालू सीजन में अभी तक मध्य प्रदेश में लगभग 12 लाख क्विंटल कपास की खरीद हुई है और तकरीबन सभी क्रय केन्द्र फिलहाल क्रियाशील हैं क्योंकि आरंभिक महीनों के दौरान इन क्रय केन्द्रों पर माल की आवक काफी अधिक हुई।
शुरूआती दौर में वहां आने वाली कपास में कमी का अंश स्वीकृत स्तर से ऊंचा था लेकिन धीरे-धीरे अच्छी क्वालिटी के माल की आपूर्ति सुधरने लगी और इसकी मात्रा भी बढ़ती गई।
उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार द्वारा 2024-25 के मार्केटिंग सीजन के लिए कपास का न्यूनतम समर्थन मूल्य मीडियम रेशेवाली श्रेणी के लिए 7121 रुपए प्रति क्विंटल तथा लम्बे रेशेवाली किस्मों के लिए 7521 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
भारतीय कपास निगम द्वारा मध्य प्रदेश में खरगौन, धामनोद, बीकनगांव, बड़वाह तथा खंडवा सहित कई अन्य क्षेत्रों में कपास की खरीद के लिए क्रय केन्द्र स्थापित किए गए हैं।
