मसूर की पैदावार गत वर्ष से बेहतर होने के आसार
11-Mar-2026 07:40 PM
नई दिल्ली। रबी सीजन की एक खास दलहन- मसूर का उत्पादन इस बार गत वर्ष से बेहतर होने की उम्मीद है। इसके बिजाई क्षेत्र में थोड़ी वृद्धि हुई जबकि मौसम की हालत लगभग सामान्य रही । फसल की औसत उपज दर में ज्यादा सुधार आने की संभावना नहीं है।
केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के अनुसार 2025-26 के वर्तमान रबी सीजन के दौरान मसूर का घरेलू उत्पादन सुधरकर 17.33 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान है
जो 2024-25 सीजन के उत्पादन 16.54 लाख टन से 79 हजार टन ज्यादा लेकिन 2023-24 सीजन के उत्पादन 17.91 लाख टन से 58 हजार टन कम है। इससे पूर्व मसूर का उत्पादन 2022-23 के सीजन में 15.59 लाख टन तथा 2021-22 में 12.69 लाख टन आंका गया था।
मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश मसूर के दो सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य है। इन राज्यों के सीमावर्ती बुंदेलखंड संभाग में मसूर का उत्पादन बड़े पैमाने पर होता है।
इसके अलावा बिहार और बंगाल में भी इसकी अच्छी खेती होती है जबकि कुछ अन्य राज्यों में इसका सीमित उत्पादन होता है।
