मौसम विभाग वर्ष 2047 तक शून्य त्रुटि के साथ भविष्यवाणी करने की तैयारी में
15-Jan-2025 08:06 PM
नई दिल्ली । भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने वर्ष 2024 तक तीन दिनों की अवधि के लिए शून्य त्रुटि के साथ मौसम की भविष्यवाणी करने और पांच दिनों की अवधि तक के लिए 90 प्रतिशत की सटीकता के साथ मौसम का अनुमान लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
14 जनवरी 2025 को आईएमडी का 150 वां स्थापना दिवस मनाया गया और इस अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा एक 'विजन डॉक्यूमेंट्री' जारी किया गया जिसमें इस लक्ष्य की जानकारी दी गई है।
इसमें कहा गया है कि विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में होने वाले तमाम सम्बद्ध उपायों एवं उपकरणों का प्रयोग किया जाएगा और यह ध्यान रखा जाएगा कि मौसम सम्बन्धी तमाम घटनाओं की जानकारी इस तरह प्रचारित-प्रसारित की जाए कि उससे लोगों की जान बचाने के लिए पर्याप्त समय मिल जाए और एक भी जीवन का नुकसान न हो।
आपदा प्रबंधकों को काफी पहले ही भारी वर्षा, बाढ़, आंधी, समुद्री चक्रवाती तूफान तथा शीत लहर एवं 'लू' (गर्म हवा की तेज लहर) आदि मौसमी घटनाओं की सूचना दे दी जाएगी।
ससे उन्हें बचाव कार्यों में सहायता मिलेगी और तब भारत दुनिया के उन गिने चुने देशों की सूची में शामिल हो जाएगा जहां प्राकृतिक आपदाओं से लोगों की जान नहीं जाएगी।
मौसम विभाग ने अपने कार्य का लक्ष्य पहले अगले दो वर्ष के लिए, उसके बाद अगले 10 वर्ष के लिए और अंत में अगले 22 वर्ष के लिए निर्धारित किया है और इस अवधि के अंदर विभिन्न स्तर के लक्ष्यों को हासिल करने का प्रयास किया जाएगा। मौसम विभाग अभी जो अनुमान लगाता है वह काफी हद तक सही साबित होता है लेकिन इसकी अवधि कम होती है।
