मैरीटाइम पायलटों की हड़ताल से अर्जेन्टीना से कृषि उत्पादों का निर्यात प्रभावित

05-Aug-2026 01:34 PM

ब्यूनस आयर्स। लैटिन अमरीकी देश- अर्जेन्टीना में मैरीटाइम कार्मिकों की हड़ताल से बंदरगाहों पर जहाजों की आवाजाही बंद हो गई है। इसके फलस्वरूप न कोई जहाज बंदरगाहों पर पहुंच रहा है और न ही बंदरगाहों से बाहर निकल रहा है।

ज्ञात हो कि अर्जेन्टीना दुनिया में सोयामील एवं सोया तेल का सबसे प्रमुख निर्यातक देश हैं जबकि वहां से गेहूं, मक्का एवं सूरजमुखी तेल सहित कई अन्य कृषि एवं खाद्य उत्पादों का शिपमेंट भी बड़े पैमाने पर होता है। भारत में अर्जेन्टीना से सोयाबीन तेल तथा सूरजमुखी तेल की विशाल मात्रा का आयात किया जाता है। 

अर्जेन्टीना से कृषि एवं खाद्य उत्पादों का अधिकांश निर्यात पराना नदी के किनारे स्थित बंदरगाहों के माध्यम से होता है। उसके बंदरगाहों पर किसी तरह का व्यावधान उत्पन्न होने से वैश्विक खाद्य बाजार पर गहरा असर पड़ने की आशंका रहती है। उल्लेखनीय है कि अर्जेन्टीना सरकार न पिछले सप्ताह एक संकल्प पत्र जारी किया था जिसमें रिवर मैविगेशन सेवाओं को डिरेग्युलेटेड करने की बात कही गई थी।

इसके विरोध में मैरीटाइम कर्मियों ने चालू सप्ताह के आरंभ यानी 3 अगस्त से हड़ताल आरंभ कर दी जिससे वहां आयात-निर्यात ठप्प पड़ गया। इस हड़ताल की वजह से कम से कम 45 जहाजों का आवागमन प्रभावित हुआ है जबकि आगे इसकी संख्या निरंतर बढ़ते रहने की संभावना है। इससे आयातकों-निर्यातकों की कठिनाई काफी बढ़ गई है और सरकार को भी राजस्व का भारी नुकसान होने की संभावना है।