अगले सीजन में एथनॉल के निर्माण में गन्ना का उपयोग घटने की संभावना
05-Aug-2026 05:20 PM
मुम्बई। घरेलू बाजार में चीनी के ऊंचे एवं मजबूत भाव को देखते हुए अक्टूबर 2026 से आरंभ होने वाले नए क्रशिंग सीजन के दौरान एथनॉल के निर्माण में गन्ना अवयवों का उपयोग कम होने की संभावना है। सरकार द्वारा डीलर्स के लिए स्टॉक धारिता सीमा लागू करने का निर्णय लिए जाने के बाद कुछ समय के लिए चीनी के दाम में थोड़ी नरमी आई थी मगर पुनः इसमें तेजी-मजबूती का माहौल बनने लगा।
उद्योग-व्यापार क्षेत्र के विश्लेषकों का मानना है कि नया मार्केटिंग सीजन आरंभ होने तक चीनी की कीमतों में तेजी-मजबूती का रुख बरकरार रहेगा क्योंकि इसकी मांग एवं आपूर्ति का समीकरण जटिल रहने की संभावना है। त्यौहारी सीजन में चीनी की खपत एवं कीमत अक्सर बढ़ जाती है। अक्टूबर तक पर्व-त्यौहारों का सिलसिला जारी रहेगा और नवम्बर से शादी-विवाह (लग्नसरा) का सीजन शुरू होगा।
भारतीय मिलर्स के लिए 2026-27 के सीजन में एथनॉल के बजाए चीनी का उत्पादन बढ़ाना अधिक लाभदायक साबित हो सकता है। ऑल इंडिया डिस्टीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भी इस बात से सहमत है कि मिलर्स इस बार चीनी उत्पादन को विशेष प्राथमिकता दे सकते हैं। मौजूदा मार्केटिंग सीजन की समाप्ति पर यानी 30 सितम्बर 2026 को उद्योग के पास महज 41-42 लाख टन चीनी का स्टॉक रह जाएगा जो अगले दो महीनों की घरेलू जरूरत को पूरा करने के लिए भी पर्याप्त नहीं होगा। इस बार गन्ना की क्रशिंग जल्दी शुरू हो सकती है।
