मार्च से अक्टूबर के बीच 71.50 लाख टन सरसों की क्रशिंग होने का अनुमान
01-Nov-2023 07:59 PM
जयपुर । प्रमुख उत्पादक राज्यों की मंडियों में सरसों की सामान्य आवक हो रही है और इसकी खरीद- बिक्री तथा क्रशिंग- प्रोसेसिंग भी नियमित रूप से जारी है।
जयपुर के चांदपोल की अनाज मंडी में स्थित प्रतिष्ठान मै० मरुधर ट्रेडिंग एजेंसी के मैनेजिंग डायरेक्टर अनिल चतर द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार 2023-24 के रबी मार्केटिंग सीजन के शुरूआती आठ महीनों में कुल मिलाकर करीब 71.50 लाख टन सरसों की क्रशिंग हुई।
इसके तहत मार्च में 11.00 लाख टन, अप्रैल में 9 लाख टन, मई में 8.00 लाख टन, जून एवं जुलाई में 9-9 लाख टन, अगस्त में 8.50 लाख टन, सितम्बर में 7.50 लाख टन तथा अक्टूबर 2023 में 9.50 लाख टन सरसों की क्रशिंग (पेराई) होने का अनुमान है।
मरुधर ट्रेडिंग एजेंसी के अनुसार मार्च से अक्टूबर 2023 के दौरान प्रमुख उत्पादक राज्यों की मंडियों में करीब 90 लाख टन सरसों की आपूर्ति हुई। इसके तहत राजस्थान में 36.85 लाख टन, उत्तर प्रदेश में 7.60 लाख टन, पंजाब-हरियाणा में 3.50 लाख टन, गुजरात में 3.85 लाख टन,मध्य प्रदेश में 11.00 लाख टन तथा बंगाल-बिहार सहित अन्य राज्यों में 13.20 लाख टन सरसों की आवक शामिल है।
इसके अलावा नैफेड तथा हैफेड जैसी सरकारी एजेंसियों के क्रय केन्द्रों पर 14 लाख टन सरसों पहुंची। नैफेड द्वारा 11.25 लाख टन एवं हैफेड द्वारा 2.75 लाख टन सरसों की खरीद की गई।
नैफेड ने 75 हजार टन सरसों बेच दिया है और अब उसके पास 10.50 लाख टन का स्टॉक बचा हुआ है। इसी तरह हैफेड द्वारा 1.25 लाख टन सरसों की बिक्री की गई जिससे उसके पास 1.50 लाख टन का स्टॉक बच गया। इस तरह सरकारी एजेंसियों के पास कुल 12 लाख टन सरसों का स्टॉक उपलब्ध है।
मरुधर ट्रेडिंग एजेंसी के मुताबिक 1 मार्च 2023 से आरंभ होने वाले मार्केटिंग सीजन के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर 112 लाख टन सरसों का उत्पादन आंका गया है जिसमें से 90 लाख टन की आवक विभिन्न मंडियों में होने के बाद किसानों के पास 22 लाख टन का स्टॉक बच गया सरकारी एजेंसियों का स्टॉक हटा देने पर मंडियों में कुल 76 लाख टन सरसों की आवक हुई और इसमें से 71.50 लाख टन की क्रशिंग हो गई।
इससे व्यापारियों एवं मिलर्स के पास सिर्फ 4.50 लाख टन का स्टॉक बच गया। इस तरह किसानों के पास 22 लाख टन, स्टॉकिस्टों - प्रोसेसर्स के पास 4.50 लाख टन एवं सरकारी एजेंसियों के पास 12 लाख टन के स्टॉक को मिलाकर 1 नवम्बर 2023 को देश में कुल 38.50 लाख टन सरसों का स्टॉक उपलब्ध था।
