मार्च में पाम तेल का आयात 19 प्रतिशत घटा
02-Apr-2026 08:34 PM
मुम्बई। इंडोनेशिया एवं मलेशिया जैसे शीर्ष उत्पादक एवं निर्यातक देशों में भाव ऊंचा एवं तेज रहने से भारत में मार्च माह के दौरान पाम तेल का आयात घटकर 6.89 लाख टन रह जाने का अनुमान है जो फरवरी के आयात 8.47 लाख टन से 19 प्रतिशत कम तथा गत तीन माह का निचला स्तर है। कीमतों में आई तेजी के कारण पाम तेल की खरीद में भारतीय रिफाइनर्स की दिलचस्पी घट गई।
फरवरी के मुकाबले मार्च में सोयाबीन तेल का आयात भी 3 प्रतिशत फिसलकर 2.90 लाख टन के करीब रह जाने का अनुमान है जबकि दूसरी ओर इसी अवधि में सूरजमुखी तेल का आयात 36 प्रतिशत की जोरदार बढ़ोत्तरी के साथ 1.98 लाख टन पर पहुंच जाने की संभावना है।
ध्यान देने की बात है कि उपरोक्त अनुमानित आंकड़ा एक अग्रणी उद्योग विश्लेषक फर्म का है जबकि सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) का मासिक आंकड़ा मध्य अप्रैल में सामने आ सकता है जिसमें खाद्य तेल आयात का सम्पूर्ण विवरण दिया जाता है।
विश्लेषक फर्म के अनुसार फरवरी की तुलना में मार्च 2026 के दौरान खाद्य तेलों का कुल आयात 9 प्रतिशत घटकर 11.80 लाख टन रह जाने की संभावना है जो अप्रैल 2025 के बाद सबसे कम है। यह आयात समुद्री मार्ग से हुआ जबकि नेपाल से सड़क के रास्ते लगभग 60 हजार टन खाद्य तेल मंगाया गया जिससे सर्वाधिक मात्रा सोयाबीन तेल की रही। कम आयात के कारण खाद्य तेलों का स्टॉक घटने की संभावना है जिससे आगामी महीनों में आयात बढ़ सकता है।
