Home News
23-Nov-2026 01:55 PM
नई दिल्ली। प्रमुख थोक मंडियों में गेहूं की सीमित आवक हो रही है जबकि फ्लोर मिलर्स / प्रोसेसर्स तथा बिस्कुट-ब्रेड निर्माता इसकी खरीद में भारी सक्रियता दिखा रहे हैं।
इसके फलस्वरूप बाजार में तेजी-मजबूती का माहौल बना हुआ है। गेहूं की बोआई की रफ्तार भी उत्साहवर्धक नहीं है क्योंकि अनेक क्षेत्रों में मिटटी में नमी का अभाव देखा जा रहा है।
भारतीय खाद्य निगम द्वारा खुले बाजार बिक्री योजना के अंतर्गत प्रत्येक सप्ताह भारी मात्रा में गेहूं की बिक्री का ऑफर दिया जा रहा है और प्रत्येक बिडर के लिए इसकी खरीद की अधिकतम मात्रा 300 टन से बढ़ाकर 500 टन निर्धारित किया गया है लेकिन फिर भी प्रमुख खपतकर्ता राज्यों में इसके लगभग सम्पूर्ण आवंटित कोटे की बिक्री हो रही है। इसकी खरीद भी अपेक्षाकृत ऊंचे दाम पर की जा रही है।
सरकारी गोदामों में गेहूं का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है लेकिन घरेलू बाजार पर इसका कोई मनोवैज्ञानिक दबाव नहीं देखा जा रहा है। दिल्ली में गेहूं का भाव 3000 रुपए प्रति क्विंटल से ऊंचा हो गया है।