Home News
23-Nov-2026 01:27 PM
नई दिल्ली। सैद्धान्तिक रूप से धरातल पर चीनी की आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति 2026-27 सीजन के लिए काफी हद तक सुगम प्रतीत होती है क्योंकि एथनॉल निर्माण में इसका नगण्य इस्तेमाल होने की संभावना है लेकिन दूसरी ओर अनाज आधारित एथनॉल डिस्टीलरिज की निर्भरता सरकारी चावल, अन्य क्षतिग्रस्त अनाज और खासकर मक्का पर तेजी से बढ़ने की संभावना व्यक्त की जा रही है। सरकारी चावल का कोटा निश्चित होता है। 2026-27 के सीजन में चीनी की भांति मक्का का उत्पादन भी घटने का अनुमान है।
नेशनल फेडरेशन ऑफ को ऑपरेटिव शुगर फैक्टरीज के आंकड़ों से पता चलता है कि गत वर्ष की तुलना में चालू मार्केटिंग सीजन के दौरान 15 नवम्बर तक चीनी का घरेलू उत्पादन 55.50 प्रतिशत उछलकर 24.21 लाख टन पर पहुंच गया जबकि 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क मुक्त आयात का द्वार अभी खुला हुआ है।
चीनी का एक्स फैक्टरी भाव ऊंचे स्तर पर मजबूत बना हुआ है इसलिए एथनॉल निर्माण में डायवर्जन के लिए इसकी कीमतों में तेजी को कारण नहीं माना जा सकता। इस बार मक्का पर एथनॉल निर्माताओं की निर्भरता ज्यादा रहेगी इसलिए इसके दाम पर गहरी नजर रखने की आवश्यकता पड़ेगी।
2026-27 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन (नवम्बर-अक्टूबर) के लिए तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) द्वारा जो 1099 करोड़ लीटर एथनॉल की आपूर्ति का कोटा आवंटित किया गया है उसमें सी-हैवी शीरा से निर्मित एथनॉल की भागीदारी महज 97 करोड़ लीटर (8.8 प्रतिशत) है। शेष एथनॉल के निर्माण के लिए 246.40 लाख टन अनाज की जरूरत पड़ेगी। इसमें अकेले मक्का का योगदान 136.90 लाख टन आंका गया है।
इसके अलावा 71.90 लाख टन सरकारी चावल तथा 38.10 लाख टन अन्य क्षतिग्रस्त अनाज से निर्मित एथनॉल की आपूर्ति स्वीकार की जाएगी। यह आवंटन अगस्त 2027 तक के लिए हुआ है। डिस्टीलरीज द्वारा विशाल मात्रा में मक्का की खरीद जारी रखने की संभावना है। इससे कीमतों में तेजी-मजबूती का माहौल बनने के आसार हैं।