Home News

आंध्र प्रदेश में चावल पर भंडारण सीमा का आदेश लागू

23-Nov-2026 12:37 PM

आंध्र प्रदेश में चावल पर भंडारण सीमा का आदेश लागू

विजयवाड़ा। तमिलनाडु के बाद आंध्र प्रदेश सरकार ने भी अब चावल पर भंडारण सीमा का आदेश (स्टॉक लिमिट आर्डर) लागू कर दिया है। सरकारी अधिसूचना में कहा गया है कि 'धान-चावल' के कारोबार में संलग्न प्रत्येक व्यावसायिक प्रतिष्ठान को अपने प्रवेश द्वार पर मूल्य सारणी (प्राइस बोर्ड) प्रदर्शित करनी होगी जिसमें विभिन्न किस्मों का दाम अलग-अलग अंकित करना आवश्यक होगा। 

इस बीच आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा है सरकार आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में तेजी पर अंकुश लगाने तथा आम उपभोक्ताओं पर महंगाई का भार घटाने के लिए बाजार हस्तक्षेप योजना के तहत प्रति माह 100 करोड़ रुपए तक खर्च करने के लिए तैयार है। 

आंध्र प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न किस्मों एवं श्रेणियों के चावल का उच्चतम बिक्री मूल्य 47 से 82 रुपए प्रति किलो तक नियत किया गया है और कारोबारियों को चावल का दाम इससे ऊपर नहीं रखने का निर्देश दिया गया। मिलर्स, थोक विक्रेता एवं खुदरा कारोबारी- सब पर भंडारण सीमा का आदेश लागू हो गया है।

मुख्यमंत्री के अनुसार 1 दिसम्बर 2026 से राशन दुकानों के जरिेए लाभार्थियों को रियायती मूल्य पर तुवर दाल, गेहूं आटा एवं पाम तेल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल धान और चावल पर भंडारण सीमा लागू की गई है।

ज्ञात हो कि चावल आंध्र प्रदेश का मुख्य खाद्य आहार है। भंडारण सीमा का आदेश 31 जनवरी 2027 तक प्रभावी रहेगा। सरकार ने चावल का उच्चतम बिक्री मूल्य समान्य श्रेणी के लिए 47 रुपए प्रति किलो सोना मसूर के लिए 66 रुपए साम्बा के लिए 76 रुपए प्रति किलो नियत कर दिया है।