Home News
23-Nov-2026 03:34 PM
अहमदाबाद। देश के पश्चिमी प्रान्त- गुजरात में मौसमी परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल नहीं होने के कारण रबी फसलों की बिजाई की गति कुछ धीमी देखी जा रही है। हालांकि सरसों, जीरा एवं धनिया का रकबा गत वर्ष से आगे निकल गया है लेकिन गेहूं, चना एवं मक्का आदि का क्षेत्रफल काफी पीछे है।
राज्य कृषि विभाग के नवीनतम साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार गुजरात में 23 नवम्बर 2026 तक रबी फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र 10.43 लाख हेक्टेयर के करीब पहुंच सका जो गत वर्ष की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 12.25 लाख हेक्टेयर से 1.83 लाख हेक्टेयर कम है।
समीक्षाधीन अवधि के दौरान राज्य में गेहूं का उत्पादन क्षेत्र 2.70 लाख हेक्टेयर से लुढ़ककर 1.60 लाख हेक्टेयर तथा मक्का का बिजाई क्षेत्र 55 हजार हेक्टेयर से गिरकर 32 हजार हेक्टेयर रह गया। इसके फलस्वरूप अनाजी फसलों का कुल क्षेत्रफल भी 3.30 लाख हेक्टेयर से घटकर 2.06 लाख हेक्टेयर पर अटक गया।
इसी तरह दलहन फसलों का उत्पादन क्षेत्र 2.41 लाख हेक्टेयर से घटकर 1.80 लाख हेक्टेयर के करीब रह गया। इसके तहत खासकर चना का क्षेत्रफल 2.18 लाख हेक्टेयर से घटकर 1.72 लाख हेक्टेयर तथा अन्य दलहनों का रकबा 24 हजार हेक्टेयर से गिरकर 8 हजार हेक्टेयर पर आ गया।
लेकिन सरसों की वजह से तिलहन फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र 1.39 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 1.65 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया। सरसों का रकबा 1,38,578 हेक्टेयर से बढ़कर 1,64,524 हेक्टेयर हो गया जबकि अन्य तिलहनों का क्षेत्रफल अत्यन्त सीमित क्षेत्र में हुआ है।
मसाला फसलों की बिजाई की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है। इसके तहत जीरा का उत्पादन क्षेत्र 71,758 हेक्टेयर से सुधरकर 74,278 हेक्टेयर तथा धनिया का बिजाई क्षेत्र 18,174 हेक्टेयर से बढ़कर 29,089 हेक्टेयर पर पहुंचा दूसरी ओर ईसबगोल का क्षेत्रफल 3124 हेक्टेयर से घटकर 1014 हेक्टेयर तथा सौंफ का रकबा 10,331 हेक्टेयर से फिसलकर 10,202 हेक्टेयर रह गया।